
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला (IMG: X- Samajwadi Party)
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में मीडिया के सामने योगी सरकार पर एक साथ कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल कर फर्जी वीडियो तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया जा रहा है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि AI के मामले में उनके साथ बच्चों के खेल न खेले जाएं, क्योंकि समाजवादी पार्टी इस तकनीक में उनसे काफी आगे है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर तैयार किए गए एक AI वीडियो को भी दिखाया। उन्होंने इस वीडियो के जरिए प्रदेश की कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि अगर सरकार विपक्ष को बदनाम करने के लिए AI का इस्तेमाल करेगी तो समाजवादी पार्टी भी इस मामले में पीछे नहीं रहने वाली।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए AI से वीडियो बनाकर प्रसारित नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा न करे, क्योंकि AI के क्षेत्र में समाजवादी पार्टी उनसे पीछे नहीं बल्कि काफी आगे है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार अगर AI के जरिए विपक्ष के खिलाफ गलत चीजें प्रसारित करने की कोशिश करेगी तो उसका जवाब उसी तकनीक से दिया जाएगा। अखिलेश के मुताबिक, तकनीक का इस्तेमाल राजनीतिक बदनामी के लिए करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर होना चाहिए।
अखिलेश यादव ने प्रदेश में भ्रष्टाचार को लेकर भी योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में इस समय बड़े पैमाने पर लूट हो रही है। अखिलेश ने मौजूदा सरकार को प्रदेश की अब तक की सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को बंद करवा रही है और समाजवादी पार्टी बंद किए गए स्कूलों में जाकर कार्यक्रम आयोजित करेगी। अखिलेश के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए जनता को सरकार के कामकाज और उसके कथित कारनामों के बारे में बताया जाएगा।
“विकास नहीं, सिर्फ जेब भरने का खेल” अखिलेश यादव का तीखा प्रहार; भाजपा का मॉडल देश को कहां ले जा रहा?
सपा प्रमुख ने प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भी योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने एक्सप्रेसवे बनाया, लेकिन उसमें गड्ढे हो गए। अखिलेश ने कहा कि अब यह बात सामने आ रही है कि एक्सप्रेसवे के डिजाइन में गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर डिजाइन में गड़बड़ी थी तो आखिर इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया और दावा किया कि वह भी खराब हो गया है तथा उसमें गड्ढे हो गए हैं। अखिलेश ने कहा कि सड़कों और निर्माण कार्यों को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने लोक निर्माण विभाग यानी PWD को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग में लूट मची हुई है। उनका आरोप था कि सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि अगर करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी सड़कों और एक्सप्रेसवे की हालत खराब हो रही है तो सरकार को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सरकारी खर्च को लेकर भी सवाल खड़े किए।
लखनऊ लौट रहे थे अखिलेश यादव, एक्सप्रेसवे पर महिलाओं ने अचानक रोक लिया; राखी बांधकर किया स्वागत
प्रयागराज में आयोजित कुंभ और उसके बाद हुए खर्च को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कुंभ से लेकर अब तक प्रयागराज में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो चुका है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि इतने बड़े खर्च के बाद आखिर प्रदेश और प्रयागराज में कितना विकास हुआ? उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी को लेकर भी बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी जयंत चौधरी को 61 सीटें देती है, तभी उनका सम्मान बढ़ेगा। अखिलेश ने कहा कि अगर जयंत चौधरी को 61 से कम सीटें दी जाती हैं तो इसे उनका अपमान माना जाएगा। उनके इस बयान को आगामी चुनावों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Location : Lucknow
Published : 31 August 2026, 2:17 PM IST