
आज के युवा शादी से क्यों बना रहे दूरी फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
New Delhi: आज के दौर में रिश्तों की परिभाषा तेजी से बदल रही है। नई पीढ़ी अब रिश्तों को पारंपरिक सोच से नहीं, बल्कि अपनी शर्तों और पसंद के अनुसार देख रही है। आकरियर, आर्थिक आज़ादी, व्यक्तिगत स्पेस और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने वाले युवा अब जल्दी शादी करने से बच रहे हैं। कई युवाओं का मानना है कि बढ़ती महंगाई, नौकरी का दबाव और रिश्तों में बढ़ती जिम्मेदारियां शादी के फैसले को मुश्किल बना रही हैं। वहीं, सोशल मीडिया और डिजिटल लाइफस्टाइल ने रिश्तों की सोच को भी बदल दिया है, जहां लोग पहले खुद को समझने और अपने सपनों को पूरा करने पर ज़ोर दे रहे हैं।
आज के युवा शादी क्यों नहीं करना चाहते?
अगर आज के रिश्तों की बात करें, तो प्रेमी-प्रेमिका का चलन पहले के मुकाबले काफी बढ़ गया है। लेकिन कई मामलों में प्यार अब भावनात्मक जुड़ाव से ज्यादा जरूरत और सुविधा तक सीमित होता दिखाई देता है। जरूरतें बदलने या रिश्ते में बोरियत आने के बाद कई लोग लंबे समय तक एक ही रिश्ते में टिक नहीं पाते। शुरुआत में गहरा प्रेम दिखने वाला रिश्ता समय के साथ लड़ाई-झगड़े, शक और मतभेदों में बदल जाता है। यही कारण है कि कई रिश्ते टूट जाते हैं और लोग नए रिश्ते की तलाश में आगे बढ़ जाते हैं।
मन में पुराने रिश्तों के खराब अनुभवों का डर
ऐसे उलझे रिश्तों को देखकर युवा अक्सर भ्रम और असमंजस की स्थिति में आ जाते हैं। कई लोगों के मन में पुराने रिश्तों के खराब अनुभवों का डर भी बैठ जाता है, जिससे वे शादी जैसे बड़े फैसले से बचने लगते हैं। वहीं, रिश्तों से जुड़े विवाद, प्रेम संबंधों में धोखा, शादी के बाद अलगाव या भागने जैसी घटनाएं भी युवाओं की सोच को प्रभावित करती हैं।
इसके अलावा, समाज में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और शादी के बाद महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की खबरें भी कई युवाओं के मन में डर पैदा करती हैं। दूसरी ओर, आज का युवा अपने करियर, निजी स्पेस और स्वतंत्र जीवन को अधिक महत्व देता है। रिश्तों में बढ़ती रोक-टोक, शक और नियंत्रण की भावना के कारण भी कई लोग शादी की बजाय दोस्ती, डेटिंग या रिलेशनशिप तक ही सीमित रहना पसंद कर रहे हैं। बदलती सोच के इस दौर में शादी अब मजबूरी नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत चुनाव बनती जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 29 May 2026, 2:42 PM IST