हिंदी
Symbolic Photo
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में इन दिनों उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने राहत की खबर दी है। विभाग के मुताबिक, पश्चिम विदर्भ और उससे सटे उत्तर-मध्य महाराष्ट्र में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। जिसके प्रभाव से गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 30 सितंबर से पूर्वी और मध्य भारत में मॉनसून के एक बार फिर सक्रिय होने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की राहत की उम्मीद
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम में कुछ हद तक नरमी आ सकती है। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। इन दिनों अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि यह गिरावट दिल्लीवासियों के लिए बहुत बड़ी राहत नहीं होगी, लेकिन कुछ हद तक उमस से निजात मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम, दशहरे पर हल्की बारिश के संकेत
उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। पूर्वी यूपी में अगले दो से तीन दिनों के दौरान हल्की बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दशहरे के आसपास हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जिससे उमस बनी रहेगी।
1 से 4 अक्टूबर के बीच भारी बारिश के आसार
बिहार में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से लोग तेज धूप और उमस भरे मौसम से परेशान हैं। मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है, लेकिन वह भी कुछ दिनों बाद। विभाग के अनुसार, 1 से 4 अक्टूबर के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से 3 और 4 अक्टूबर को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कहां है एशिया कप 2025 की ट्रॉफी? नकवी ने किया अवैध कब्जा! BCCI ने पाकिस्तानी मंत्री को दी यह चेतावनी
उत्तराखंड में आंशिक बादल, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बौछारें
उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम साफ या आंशिक रूप से बादली रहने की संभावना है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश स्थानों पर मौसम सामान्य रहेगा। गौरतलब है कि इस साल उत्तराखंड को मानसून सीजन के दौरान भारी तबाही का सामना करना पड़ा है। बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान गई और कई घर तबाह हो गए।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनी के अनुसार आने वाले दिनों में मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून दोबारा सक्रिय हो सकता है, जिससे कुछ इलाकों में भारी वर्षा और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को अगले सप्ताह के मौसम पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 29 September 2025, 7:41 AM IST
Topics : IMD NCR Weather uttar pradesh Weather Update