
उत्तर पश्चिम में बदला मौसम का मिजाज
New Delhi: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की चोटियों पर जहां बारिश और बर्फबारी हो रही है। वहीं उत्तर पश्चिम में मौसम करवट ले रहा है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही और इसकी वजह से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड में सोमवा को बारिश और बर्फबारी की आशंका जतायी है। इसके बाद 28 फरवरी तक अधिकतर क्षेत्रों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 23 फरवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान है। IMD के अनुसार अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उत्तर प्रदेश में ठंड का असर कम हो रहा है। 23 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप तेज रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ इलाकों में कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
सोमवार को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 23 से 26 फरवरी के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह गरज के साथ हल्की बारिश होने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम के शुष्क बने रहने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना जताई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में इस सप्ताह मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 23 February 2026, 6:46 AM IST
Topics : Delhi UP IMD Alert Mausam News Weather Update