हिंदी
मौसम अपडेट (Img: Google)
New Delhi: देश के अधिकांश हिस्सों में इस समय कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
खासतौर पर दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में 4 से 5 दिनों तक दृश्यता बेहद कम रह सकती है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर रात के समय घना कोहरा सड़क और रेल यातायात को प्रभावित कर सकता है। ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह के समय अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 8 जनवरी तक प्रदेश में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। हालांकि, कोहरे का असर लगातार बना रहेगा। आज और 4 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। इससे खासकर सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है।
UP Weather Update: जनवरी में ठंड का और बढ़ेगा असर, नए साल के पहले दिन इस शहर में रहा सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 और 6 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं 7 जनवरी को स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
बिहार में भी ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने यहां भी शीतलहर और कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
Weather Update: नए साल के पहले हफ्ते में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर
लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से निचले क्षोभमंडल में अस्थिरता उत्पन्न हुई थी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने के बाद तेज सतही हवाएं चलने लगीं, जिससे गतिशील अस्थिरता बनी। इसका असर यह हुआ कि जमीन के पास मौजूद कोहरे की परत कुछ हद तक हट गई, लेकिन ऊपरी स्तर पर वातावरण स्थिर बना हुआ है। इसी कारण लखनऊ और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊंचाई पर कोहरे की परत बनी हुई है, जो सूरज की किरणों को जमीन तक पहुंचने से रोक रही है।
Location : Lucknow
Published : 3 January 2026, 8:45 AM IST
Topics : Cold wave Dense fog IMD Alert North India Weather Update