Weather Update: फरवरी में मार्च जैसी गर्मी के बाद बदलेगा मौसम, जानें महाशिवरात्रि पर कैसा रहेगा मौसम?

फरवरी में मार्च जैसी गर्मी के बाद बदलेगा मौसम। 15 फरवरी के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में बारिश और बादलों की संभावना। जानिए IMD का ताजा अपडेट।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 15 February 2026, 8:04 AM IST

New Delhi: देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है। फरवरी के बीच में ही दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने सर्दी को लगभग विदा कर दिया है। हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 फरवरी के बाद स्थिति में बदलाव संभव है।

फरवरी में बढ़ी गर्मी

फरवरी का आधा महीना बीतते-बीतते दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप के कारण लोगों को पसीना आने लगा और हल्के कपड़े पहनने पड़े। पिछले तीन दिनों से दिल्ली-NCR में लगातार तेज धूप निकलने से दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। मौसम में अचानक आई इस गर्माहट ने लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि आमतौर पर फरवरी के दूसरे पखवाड़े तक हल्की सर्दी बनी रहती है।

17 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाएं

हालांकि पिछले 24 घंटों में मौसम ने हल्की करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर में करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे धूप का असर कुछ कम हुआ और हल्की ठंड का एहसास लौटा। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो गया है। हालांकि तापमान में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई, लेकिन तेज हवाओं ने गर्मी से आंशिक राहत जरूर दी है।

Weather Update: फरवरी के दूसरे सप्ताह में फिर करवट ले सकता है मौसम, इन इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी

15 से 20 फरवरी के बीच बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 15 से 20 फरवरी के बीच उत्तर भारत में नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी तथा मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं।

17 और 18 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। बादलों की आवाजाही से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और प्रदूषण स्तर में भी सुधार होने की उम्मीद है।

महाशिवरात्रि पर कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि महाशिवरात्रि के दिन आसमान साफ रह सकता है और दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। हालांकि उससे पहले हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी मौसम को संतुलित कर सकती है।

Weather Update: फरवरी में बदला मौसम का मिजाज, जानें बारिश को लेकर क्या है नया अपडेट?

आगे क्या रखें ध्यान?

विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 15 February 2026, 8:04 AM IST