Weather Update: मानसून की दस्तक से पहले मौसम का यू-टर्न! कई राज्यों में आंधी-बारिश, तो कहीं लू का कहर

भीषण गर्मी से जूझ रहे देशवासियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में केरल में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। वहीं कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 June 2026, 8:32 PM IST

New Delhi: देशभर में झुलसा देने वाली गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। वहीं अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भी राहत भरी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में चलेगी तेज आंधी

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 1 जून से 4 जून के बीच मौसम सुहावना बना रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। दोपहर और शाम के समय धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। आईएमडी ने बताया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

देश के 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी; मानसून की रफ्तार बरकरार

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय रहने वाला है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में 2 और 3 जून को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों के कई जिलों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा गुजरात, कोंकण और गोवा क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

40 घंटे से अंधेरे में हमीरपुर! आंधी-तूफान के बाद बिजली-पानी संकट से फूटा लोगों का गुस्सा, हाईवे जाम

बिहार और पूर्वी यूपी में लू का खतरा बरकरार

एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में बारिश राहत लेकर आएगी, वहीं बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने 3 जून से 7 जून के बीच बिहार और उससे सटे यूपी के क्षेत्रों में लू चलने की आशंका जताई है। झारखंड और ओडिशा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। वहीं पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

दक्षिण भारत में मानसून का असर शुरू

दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में इस सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं और अगले दो से तीन दिनों में केरल में आधिकारिक रूप से मानसून की एंट्री हो सकती है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे अन्य राज्यों की ओर बढ़ेगा।

Location :  New Delhi

Published :  1 June 2026, 8:32 PM IST