Weather Update: 21 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 72 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें कहां बिगड़ेगा मौसम

20 सितंबर को देश के 21 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। कुछ इलाकों में 72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी का सिस्टम भी बारिश बढ़ा सकता है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 September 2026, 7:18 AM IST

New Delhi: देशभर में मानसून की सक्रियता के बीच 20 सितंबर को कई राज्यों में मौसम बदलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 21 राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

21 राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा है। किसानों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर कृषि संबंधी गतिविधियां करने की सलाह दी गई है।

यूपी और दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, संभल, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट बताया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार और झारखंड में बिजली गिरने का खतरा

बिहार के पटना, गया, मधेपुरा, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर और बेगूसराय समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।

झारखंड के देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला और पलामू में भारी बारिश हो सकती है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

Farrukhabad: एक डंडे से शुरू हुआ विवाद पहुंचा मौत तक, परिजनों ने किया सड़क जाम

पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वाले रहें सतर्क

उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश-आंधी की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और ऊना में भी मौसम खराब रह सकता है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट बताया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर जांचें।

बंगाल की खाड़ी में बनने वाला सिस्टम बढ़ा सकता है बारिश

पूर्वानुमान के अनुसार, 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब बनने और 22 सितंबर को इसके पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है। इससे तटीय क्षेत्रों सहित आसपास के राज्यों में बारिश बढ़ सकती है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है। ऐसे में लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए।

Location :  New Delhi

Published :  20 September 2026, 7:18 AM IST