उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई राज्यों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है। घना कोहरा, पाला और शीतलहर के चलते IMD ने चेतावनी जारी की है और अगले कुछ दिनों तक ठंड बने रहने का अनुमान जताया है।

एनसीआर में पाला (Img Source: Google)
New Delhi: उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। घने कोहरे की चादर शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पसरी हुई है और कई राज्यों में तापमान शून्य के आसपास या उससे नीचे दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने साफ किया है कि आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। शीतलहर, पाला और कम विजिबिलिटी ने जनजीवन के साथ-साथ खेती और यातायात पर भी असर डाला है।
हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में ठंड ने और कड़ा रूप दिखाया, जहां सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान गिरकर माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर के लूणकरनसर में 0.4 डिग्री और चूरू में 1.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे लोग रातभर ठिठुरते रहे।
एनसीआर के फरीदाबाद, रेवाड़ी और गुरुग्राम के कई इलाकों में पाला पड़ने की खबर सामने आई है। गुरुग्राम में घरों के बाहर खड़े वाहनों के शीशों पर बर्फ की पतली परत जमी दिखी, जबकि खेतों की मेड़ों और सूखी घास पर सफेद चादर जैसी परत नजर आई। ग्रामीण इलाकों में पाले का असर ज्यादा देखने को मिला।
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.2 डिग्री कम है। यह 2023 के बाद जनवरी का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है। अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 4 और अधिकतम 20 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
राजस्थान के कई जिलों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे रहा। पश्चिमी राजस्थान में घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर बना रहा। लखनऊ, प्रयागराज, बरेली, मेरठ और गोरखपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
Weather Update: कहीं झमाझम बारिश तो कहीं कंपकंपाती ठंड, 15 राज्यों में अलर्ट जारी
हरियाणा के किसानों का कहना है कि सुबह खेतों में पाले की सफेद परत दिख रही है। गेहूं की फसल के लिए यह ठंड फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन आलू, मटर, सरसों और मूली जैसी सब्जी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है ताकि फसलों को पाले से बचाया जा सके।
कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, लेकिन यह अब भी शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में माइनस 2.4 और पुलवामा में माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Weather Update: दिल्ली-यूपी में कड़ाके की ठंड, जानिए देश के अन्य राज्यों का मौसम का हाल
IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत में घना कोहरा और शीतलहर की स्थिति कुछ और दिनों तक बनी रह सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।