Rahul Gandhi के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, Youth Congress पर FIR 

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के पुणे दौरे से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम (Chhatron Ki Goonj Event) से पहले यूनिवर्सिटी हॉस्टल कैंपस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कथित झड़प का मामला सामने आया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 August 2026, 11:16 AM IST

Pune: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के पुणे दौरे से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम (Chhatron Ki Goonj Event) से पहले यूनिवर्सिटी हॉस्टल कैंपस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कथित झड़प का मामला सामने आया है।

पुणे पुलिस ने इस घटना के बाद करीब 50 से 60 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुणे के एक यूनिवर्सिटी हॉस्टल कैंपस में ABVP सदस्यों के साथ हुई हिंसक झड़प के बाद की गई।

हॉस्टल कैंपस में विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे के हॉस्टल परिसर में ABVP और कांग्रेस समर्थित कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प की स्थिति बन गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने ABVP पर साधा निशाना

मामले को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने ABVP पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि COEP हॉस्टल में ABVP कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की गई और छात्राओं को उनके कमरों में बंद किया गया।

सपकाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि छात्राओं को धमकाने और उनकी स्वतंत्रता में दखल देने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि कुछ छात्राओं ने राहुल गांधी से जुड़ा स्टेटस लगाया था।

कांग्रेस का दावा- 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम रचेगा इतिहास

कांग्रेस ने दावा किया है कि शनिवार को होने वाला राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।

पार्टी के अनुसार यह कार्यक्रम महिला केंद्रित है, जिसमें सावित्रीबाई फुले के विचारों और छात्राओं की आवाज को प्रमुखता दी जाएगी।

यह कार्यक्रम 22 अगस्त को शाम 5 बजे पुणे के AISSMS कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गेट नंबर-1 पर आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल

राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और भाजपा समर्थित छात्र संगठन आमने-सामने आ गए हैं। विवाद के बाद पुणे पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

Location :  Pune

Published :  22 August 2026, 11:16 AM IST