हिंदी
नई दिल्ली: दिल्ली की तिहाड़ जेल से चौंकने वाली घटना सामने आयी है। शुक्रवार को हत्या की सजा काट रहे दो कैदियों की नाले की सफाई के दौरान डूबने से मौत हो गई। इस घटना से जेल में हड़कंप मच गया। घटना के बाद तिहाड़ प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिप्टी जेलर, असिस्टेंट जेलर और वार्डन को तत्काल निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना तब हुई जब दोनों कैदी नाले की सफाई कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की यह घटना जेल संख्या आठ- नौ की है। जिन दो कैदियों अमित और विनय की मौत हो गई।
वे दोनों हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद से जेल में बंद थे।
जेल प्रशासन के लिए यह पूरी घटना किरकरी का बड़ा कारण बनी हुई है। इस घटना की जांच के आदेश मुख्यालय की ओर से शुक्रवार को ही जारी किया गया है।
आखिर किसके आदेश से दोनों कैदी नाले की सफाई के लिए उतरे थे। क्या इन्हें अधिकृत आदेश दिया गया था या फिर मौखिक आदेश था।
इस मामले में मुख्यालय ने तीन अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर दिया है। इसमें जेल उपाधीक्षक, सहायक अधीक्षक व एक हेड वार्डर शामिल है। इन्हें जांच पूरी होने तक निलंबित किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए जेल प्रशासन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रहा है। फुटेज सुरक्षित रहे, इसके लिए विशेष हिदायत अधिकारियों को दी गई है।
घटना के बाद तिहाड़ प्रशासन ने मामले की जांच तिहाड़ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) को सौंपी है. साथ ही, एक न्यायिक जांच (Judicial Inquiry) के भी आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस ने भी इस मामले में अपनी अलग जांच शुरू कर दी है। तिहाड़ जेल प्रशासन पर पहले भी कैदियों की सुरक्षा में चूक के आरोप लगते रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 9 August 2025, 4:31 AM IST
Topics : died drain Officers Suspended prisoners Tihar Jail