पायलट के पास आई शराब की गंध, टेस्ट में खुला राज; फ्लाइट से उतारकर लिया एक्शन

ज्यूरिख से दिल्ली उड़ान भरने से पहले एयर इंडिया के फर्स्ट ऑफिसर का अल्कोहल टेस्ट तय सीमा से अधिक पाए जाने का मामला आया सामने। स्विस अधिकारियों की सूचना के बाद पायलट पर की गई बड़ी कार्यवाई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 September 2026, 2:10 PM IST

New Delhi:  एयर इंडिया की ज्यूरिख-दिल्ली उड़ान से पहले पायलट के अल्कोहल टेस्ट में तय सीमा से अधिक स्तर पाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पायलट को उड़ान से हटा दिया गया और एयरलाइन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

टेकऑफ से पहले ग्राउंड स्टाफ को आई शराब की गंध

मामला एयर इंडिया की उड़ान AI 151 से जुड़ा है, जो 6 सितंबर 2026 को ज्यूरिख से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान से पहले ग्राउंड स्टाफ को पायलट के पास से शराब की गंध महसूस हुई। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई और पायलट की जांच कराई गई।

सोब्रायटी टेस्ट में पायलट के रक्त में अल्कोहल का स्तर विमान चालक के लिए निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया। इसके बाद उसे विमान से हटा दिया गया और यात्री के तौर पर भारत भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

ये भी पढ़ें: 3-1 से पस्त हुआ मेजबान जापान: सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम, गोल्ड मेडल पर नजरें टिकीं

स्विस अधिकारियों ने DGCA को दी जानकारी

घटना के बाद स्विट्जरलैंड के विमानन अधिकारियों ने मामले की जानकारी भारत के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को दी। मामले में आगे की नियामकीय प्रक्रिया जारी है। रिपोर्टों के अनुसार, अंतिम मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने तक पायलट का निलंबन जारी रहेगा। एअर इंडिया ने कहा कि वह सुरक्षा, नियमों और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करती। पुष्टि होने पर कंपनी की नीति और नियमों के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाती है।

एयर इंडिया ने सुरक्षा मानकों और नियामकीय नियमों के उल्लंघन को लेकर अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति दोहराई है।

ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के बाद अब इस अफसर से लेंगे इस्तीफा, गांधी जयंती से शुरू होगा अभिजीत दीपके का CJP Protest पार्ट-2

कुछ ही समय पहले सामने आया था एक और मामला

एयर इंडिया में विमान चालक के टेस्ट से जुड़ा यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अगस्त में फुकेट-दिल्ली उड़ान के पायलट के मामले में भी कार्रवाई हुई थी। 4 अगस्त 2026 को AI2379 उड़ान में अचानक करीब 300 फीट की ऊंचाई में कमी आई थी और कई यात्री व क्रू सदस्य घायल हुए थे।

बाद की जांच में उस उड़ान के पायलट के साइकोएक्टिव पदार्थ संबंधी कन्फर्मेटरी टेस्ट में परिणाम पॉजिटिव पाया गया। एयर इंडिया ने सितंबर में उस पायलट की सेवा समाप्त कर दी थी। हालांकि, जांच में विमान की हाइड्रोलिक प्रणाली से जुड़ी तकनीकी समस्या भी सामने आई थी और दोनों पहलुओं की जांच अलग-अलग जारी रही।

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर के बाद आलिया का ‘लव एंड वॉर’ लुक वायरल: कुर्सी पर बैठकर दिखाया किलर एटीट्यूड, जानें कब होगी फिल्म रिलीज

लगातार सामने आए इन मामलों के बीच एयर इंडिया ने अपने पायलटों की अतिरिक्त स्क्रीनिंग शुरू की थी। अगस्त में एयर इंडिया समूह ने अपने करीब 5,000 पायलटों के लिए एक बार की विशेष ड्रग स्क्रीनिंग की घोषणा की थी।

Location :  New Delhi

Published :  25 September 2026, 2:10 PM IST