
Symbolic Photo
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों का जनजीवन मुश्किल में डाल दिया है। सितम्बर के आख़िरी सप्ताह में आमतौर पर जहां मौसम ठंडक की ओर बढ़ता है। वहीं, इस बार स्थिति बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। राजधानी में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे आमजन के लिए बाहर निकलना तक दुश्वार हो गया है।
दिल्ली में चिलचिलाती धूप और उमस ने लोगों को पसीने से तर कर दिया है। तेज़ धूप के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है, जबकि लोग घरों में भी गर्मी से राहत पाने के लिए पंखा और एसी लगातार चला रहे हैं। हालांकि, शाम के समय 21 से 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं कुछ राहत ज़रूर देती हैं, लेकिन दिन में इन हवाओं का प्रभाव काफी कम देखने को मिल रहा है।
सपा विधायक मनोज पारस की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ में भर्ती
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में साफ कर दिया है कि 24 सितंबर से 26 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
वैज्ञानिकों का क्या है कहना?
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि अब मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेज हो चुकी है। इसके चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के अधिकतर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि देश के कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात, मध्य प्रदेश के दक्षिणी जिले, महाराष्ट्र के कई भाग, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत में अभी भी मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है।
नवरात्रि का तीसरा दिन: इस दिन होती मां चंद्रघंटा की पूजा, माता की पूजा से मिलता है सुख
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 26 सितंबर तक गर्मी और धूप से राहत मिलना संभव नहीं है। हालांकि, 27 से 29 सितंबर के बीच आसमान में कुछ बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। इससे तापमान में तो विशेष गिरावट नहीं आएगी, लेकिन लोगों को चुभती धूप से थोड़ी राहत ज़रूर मिल सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर के अंत तक तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से मौसम में बदलाव की संभावना बढ़ेगी।
Location : New Delhi
Published : 24 September 2025, 8:15 AM IST
Topics : NCR News New Delhi summer season Weather Update