हिंदी
New Delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना फायर विभाग को मिली। बताया गया कि मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास अचानक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने के समय करीब 10 लोग मलबे में दब गए। राहत-बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, सात अन्य लोगों के अभी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल सावधानी से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहा है। पुलिस ने आसपास की भीड़ को हटाकर रेस्क्यू टीम के लिए रास्ता साफ कराया है। लगातार हो रही बारिश को भी राहत कार्य में चुनौती माना जा रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुँचकर हालात का जायजा लिया और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
Location : New Delhi
Published : 6 September 2026, 6:08 PM IST