
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Img : PM Narendra Modi/X)
New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नए वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने 7 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस से पहले देश को संबोधित करते हुए स्वदेशी आंदोलन की ताकत को याद किया। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त 1905 को शुरू हुआ स्वदेशी आंदोलन भारत के इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। इस आंदोलन ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई को नई ऊर्जा दी और आत्मनिर्भर भारत की सोच की मजबूत नींव रखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस से पहले वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से 7 अगस्त को हैंडलूम डे मनाने की अपील की। पीएम मोदी ने स्वदेशी आंदोलन को याद करते हुए कहा कि हैंडलूम अपनाना बुनकर परिवारों के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।… pic.twitter.com/nWfnUSFIjA
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 6, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन के दौरान देश का हर वर्ग एकजुट होकर आगे आया था। लोगों ने विदेशी सामान का बहिष्कार कर देश में बने उत्पादों को अपनाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि आज भी यही भावना आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती है।
पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे 7 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग फ्रेंडशिप डे जैसे अवसरों को खुशी से मनाते हैं, उसी तरह हैंडलूम दिवस को भी खास बनाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हैंडलूम दिवस मनाने का मतलब उन लाखों गरीब बुनकर परिवारों का सम्मान करना है। यह अपने घरों में मेहनत और हुनर से कपड़े तैयार करते हैं। ये बुनकर लगातार नई डिजाइन और नई वैरायटी तैयार कर देश की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं और आम लोगों से हैंडलूम उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए GRWM यानी "गेट रेडी विद मी" वीडियो बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग हैंडलूम की किसी भी वैरायटी के कपड़े पहनकर वीडियो बनाएं और सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से लोगों में हैंडलूम के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और बुनकरों की मेहनत को नई पहचान मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी मजबूत होगा। जब देश के छोटे कारीगर और बुनकर परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे।
पीएम मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि वे ज्यादा से ज्यादा हैंडलूम उत्पाद खरीदें और इससे जुड़े वीडियो व जानकारी साझा करें। जिससे भारतीय बुनकरों की कला और कौशल को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके।
Location : New Delhi
Published : 6 August 2026, 10:28 PM IST
Topics : Atmanirbhar Bharat Handloom Products National Handloom Day PM Narendra Modi Swadeshi Movement