प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए कहा, “ये आपकी अमानत है, मैंने सिर्फ पर्दा हटाया।” उन्होंने लोगों से मोबाइल फ्लैश जलवाकर उद्घाटन कराया और इसे जनता के भविष्य से जोड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Photo Source : Internet )
Noida: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। इस दौरान उनका अंदाज काफी अलग और भावनात्मक नजर आया। उन्होंने मंच से कहा, “उद्घाटन तो हो गया है, लेकिन मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है। असली उद्घाटन आप करेंगे।” इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाकर उद्घाटन करने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि जनता की अमानत है। उन्होंने कहा, “ये आपकी अमानत है, आपका भविष्य है और आपके पुरुषार्थ का प्रतीक है।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने भारत माता की जय के नारों के साथ उत्साह दिखाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एयरपोर्ट से गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर और इटावा जैसे कई शहरों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगी। यह एयरपोर्ट सिर्फ उड़ानों का केंद्र नहीं, बल्कि विकास की नई उड़ान का प्रतीक बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि यह उद्घाटन भारत के बदलते मिजाज और विकास की गति को दर्शाता है। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा संकट पैदा हुआ है, लेकिन भारत ने इस चुनौती का मजबूती से सामना किया है और विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया।
BREAKING: पीएम मोदी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन, मुख्यमंत्री योगी भी रहे साथ
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने युवाओं का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जहां भी नजर डालें, वहां उत्साहित और ऊर्जावान युवा दिखाई दे रहे हैं। यह परियोजना युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाली है और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने इसे विकसित यूपी और विकसित भारत के अभियान का महत्वपूर्ण कदम बताया।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण 3300 एकड़ में विकसित किया गया है, जिसकी लागत करीब 11 हजार करोड़ रुपये है। एक रनवे के साथ इसकी सालाना क्षमता 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। चारों चरण पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की ओर अग्रसर है।
मोदी को धन्यवाद, रिश्तों पर नई बात… नेपाल PMO का 6 महीने बाद आया पहला पोस्ट, जानें पूरी बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें इस परियोजना का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस सम्मान को जनता के साथ साझा किया और उद्घाटन भी जनता से करवाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ अपने विशेष संबंध का भी उल्लेख किया।