पैसिव स्मोकिंग का गंभीर संकट: चीन के बाद भारत सबसे प्रभावित; देश में 44 करोड़ लोग चपेट में, एक साल में 3.25 लाख मौतें

'द लैंसेट पब्लिक हेल्थ' की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पैसिव स्मोकिंग के मामले खतरनाक रूप से बढ़ चुके हैं। चीन के बाद भारत दूसरा ऐसा देश है जहां 44.4 करोड़ लोग इसकी चपेट में हैं। साल 2023 में इससे 3.25 लाख से अधिक मौतें हुईं, जिससे महिलाओं, बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 September 2026, 9:58 AM IST

New Delhi: भारत में पैसिव स्मोकिंग यानी सेकंड-हैंड स्मोकिंग से होने वाले नुकसान में भारी इजाफा दर्ज किया गया है। 'द लैंसेट पब्लिक हेल्थ' में प्रकाशित हालिया अध्ययन के मुताबिक, साल 2023 में चीन के बाद भारत दुनिया का ऐसा दूसरा देश रहा जहां सबसे ज्यादा लोग पैसिव स्मोकिंग के संपर्क में आए। इस गंभीर खतरे की जद में देश के करीब 44.4 करोड़ लोग हैं।

मौतों के आंकड़ों में 50 प्रतिशत की भारी वृद्धि

देश में सेकंड-हैंड स्मोकिंग से होने वाली मौतों का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा है। साल 1990 के बाद से इन मौतों में लगभग 50% की वृद्धि हुई है और अकेले 2023 में 3,25,600 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। पिछले तीन दशकों में आयु-मानकीकृत एक्सपोजर दर 43.2% से घटकर जरूर 30.6% हुई है, लेकिन बढ़ती आबादी के कारण इससे प्रभावित होने वालों की कुल संख्या 1990 के 37.5 करोड़ से बढ़कर 2023 में 44.4 करोड़ (18.4% की वृद्धि) हो गई है। इस दौरान महिलाओं में मौत का आंकड़ा 1,13,400 से बढ़कर 1,56,900 और पुरुषों में 1,04,300 से बढ़कर 1,68,700 तक पहुंच गया है।

जेबीटी अभ्यर्थियों को बड़ा झटका: हमीरपुर चयन आयोग ने टाली दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया, जानिए क्या है वजह

सेहत पर गंभीर असर और विकलांगता का बोझ

अध्ययन के अनुसार, 2023 में पैसिव स्मोकिंग के कारण भारत में 92.8 लाख डिसेबिलिटी-एडजस्टेड लाइफ-ईयर्स (DALYs) का नुकसान हुआ है, जो समय से पहले मौत, बीमारी या विकलांगता से गंवाए गए स्वस्थ वर्षों को दर्शाता है। यह समस्या इस्केमिक हृदय रोग, स्ट्रोक, फेफड़ों और स्तन कैंसर, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज, टाइप 2 मधुमेह और अस्थमा जैसी कई गंभीर बीमारियों को न्योता देती है, जबकि बच्चों में सांस के निचले हिस्से का संक्रमण इसका सबसे बड़ा कारण बनकर उभरा है।

अंतरिक्ष से सीधे आपके घर उतरेगा सुपरफास्ट इंटरनेट: मस्क की स्टारलिंक और जियो में छिड़ी जंग, जानें कितना होगा खर्च

बच्चों और महिलाओं पर सबसे बड़ा खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चे और महिलाएं इस खतरे के प्रति सबसे ज्यादा संवेदनशील हैं। अविकसित फेफड़ों के कारण बच्चों में सांस संबंधी बीमारियां तेजी से घर कर रही हैं। वैश्विक स्तर पर भी स्थिति चिंताजनक है, जहां 2023 में 2.71 बिलियन लोग पैसिव स्मोक के संपर्क में आए जिससे 16.6 लाख मौतें हुईं। दुनिया की आधी प्रभावित आबादी चीन (66.4 करोड़), भारत (44.4 करोड़) और इंडोनेशिया में निवास करती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों ने धूम्रपान केवल खुले स्थानों पर करने और जन जागरूकता को कड़ाई से बढ़ाने की जोरदार वकालत की है।

Location :  New Delhi

Published :  9 September 2026, 9:25 AM IST