Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड चरम पर, कई राज्यों में अगले 72 घंटों की चेतावनी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड अपने चरम पर है। दिल्ली में तापमान 2.9 डिग्री तक गिरा, यूपी-पंजाब-हरियाणा में कोहरा और शीतलहर जारी। IMD ने कई राज्यों में अगले 72 घंटों में बारिश की चेतावनी दी है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 16 January 2026, 7:27 AM IST

New Delhi: उत्तर भारत में इस समय सर्दी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार में कड़ाके की ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। सुबह और शाम के समय शीतलहर का असर साफ नजर आ रहा है, वहीं कई इलाकों में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे ठंड और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

दिल्ली में सीजन की सबसे सर्द सुबह

दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। 15 जनवरी की सुबह राजधानी में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रही। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बेहद तेज बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का रुख

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से दोपहर की धूप से राहत मिल रही थी, लेकिन गुरुवार रात से ठंड में अचानक इजाफा हुआ है। शुक्रवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने 19 और 20 जनवरी को यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

राजधानी लखनऊ में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। बुधवार रात यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन की सबसे सर्द रात रही। गुरुवार को दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस तरह दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री से ज्यादा का अंतर रिकॉर्ड किया गया।

Weather Update: दिल्ली में 2013 के बाद सबसे ठंडा दिन, 3 डिग्री तक लुढ़का तापमान

मौसम वैज्ञानिक ने बताया ठंड बढ़ने का कारण

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर का मुख्य कारण कोहरे की परत का हटना है। आसमान साफ होने से दिन में धूप तेजी से गर्म करती है, लेकिन सूरज ढलते ही तापमान तेजी से गिर जाता है। यही वजह है कि रात में ठंड ज्यादा महसूस हो रही है।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का कहर

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री और नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम रही।

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर, शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त

कहां-कहां होगी बारिश

  • IMD के मुताबिक, अगले 72 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है।
  • 16 से 20 जनवरी: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश
  • उत्तराखंड: कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी
  • 18 से 20 जनवरी: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़
  • 19 और 20 जनवरी: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश
  • बारिश के बाद इन राज्यों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 16 January 2026, 7:27 AM IST