उत्तर भारत को कोहरे ने जकड़ा: दिल्ली-UP में रेड अलर्ट, 31 दिसंबर तक नहीं मिलेगी राहत

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा और शीत लहर का प्रकोप जारी है। यूपी में रेड अलर्ट, सात राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 दिसंबर तक हालात बने रह सकते हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 29 December 2025, 9:17 AM IST

New Delhi: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़क, पुल और एलिवेटेड रोड पर दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई इलाकों में हाथ को हाथ सूझने की स्थिति बनी हुई है। कोहरे के साथ सर्द हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को गलन और ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल 31 दिसंबर तक उत्तर भारत को कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि, नए साल यानी 1 जनवरी को मौसम थोड़ा खुल सकता है, जिससे दृश्यता में कुछ सुधार होने की उम्मीद है।

सात राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

घने कोहरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत सात राज्यों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर व्यापक असर पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। मौसम विभाग ने खास तौर पर सुबह और देर रात अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Uttarakhand Weather Update: हरिद्वार-ऊधम सिंह नगर में शीत दिवस का येलो अलर्ट, पहाड़ों में बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्ली में पारा लुढ़का, शीत दिवस का अहसास

राजधानी दिल्ली में ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चांदनी चौक, आनंद विहार, आईटीओ और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक घने कोहरे की चादर छाई रही।

अगले तीन दिनों यानी 31 दिसंबर तक दिल्ली में घने कोहरे के बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान भी गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे शीत दिवस जैसी स्थिति महसूस की जा सकती है। ठंड और गलन के कारण सुबह-शाम कंपकंपी बढ़ गई है।

इन राज्यों में भी कोहरे का असर

हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 31 दिसंबर तक घना कोहरा पड़ने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक सुबह और रात के समय कोहरे की संभावना बनी हुई है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के साथ असम, बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 1 जनवरी तक घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे कोहरे में कमी आने की संभावना जताई गई है।

घना कोहरा (Img- Internet)

यूपी के इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के आगरा, एटा, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, कानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, हरदोई, फतेहगढ़ और लखनऊ में कोहरे को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।

शीतलहर और पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी

यूपी और उत्तराखंड में 28 और 29 दिसंबर को घने कोहरे के साथ कोल्ड डे की स्थिति बनने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में 29 दिसंबर को शीत लहर की चेतावनी दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 30 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 31 दिसंबर से दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है।

UP Weather Update: ठंड, कोहरा या बारिश? नए साल की शुरुआत से पहले मौसम ने दिया चौंकाने वाला इशारा

दिल्ली-NCR में हवा बेहद खराब

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति भी लगातार गंभीर होती जा रही है। पिछले पांच दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI 403 रिकॉर्ड किया गया।

आनंद विहार में AQI 459 तक पहुंच गया, जबकि नोएडा में यह 420 के आसपास रहा। गुरुग्राम में भी AQI 336 दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ की श्रृंखला के कारण अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रह सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 29 December 2025, 9:17 AM IST