
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Img: X)
New Delhi: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 11 बजे संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने जा रही हैं। यह उनका लगातार नौवां बजट है, लेकिन हर साल की तरह इस बार भी बजट से पहले ही उनका पहनावा चर्चा का विषय बन गया है। बजट के दिन निर्मला सीतारमण की साड़ी केवल फैशन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक मानी जाती है।
इस बार वित्त मंत्री मरून रंग की हाथ से बुनी कांचीवरम सिल्क साड़ी में नजर आईं। यह साड़ी तमिलनाडु की पारंपरिक बुनाई कला से जुड़ी हुई है। साड़ी में हल्के सुनहरे-भूरे रंग के चेक डिजाइन, जिसे ‘कट्टम’ कहा जाता है, उकेरे गए हैं। इसके साथ कॉफी ब्राउन रंग का बॉर्डर साड़ी की भव्यता को और बढ़ा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह साड़ी आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय कारीगरों को समर्थन देने का भी संदेश देती है।
निर्मला सीतारमण की बजट साड़ी हर साल किसी न किसी भारतीय कला या राज्य की पहचान को दर्शाती है। साल 2025 के बजट के दौरान उन्होंने बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी कला से सजी ऑफ-व्हाइट सिल्क साड़ी पहनी थी। यह साड़ी उन्हें पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी ने भेंट की थी। साड़ी पर बना ‘मछली’ का डिजाइन सुख, समृद्धि और विकास का प्रतीक माना जाता है।
निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले वह कॉर्पोरेट सेक्टर से जुड़ी रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक मामलों की गहरी समझ मिली।
बजट 2026 से पहले बड़ी उम्मीदें: मिडिल क्लास को राहत? जानिए कौन-सी चीजें हो सकती हैं सस्ती
साल 2006 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के बाद उनकी राजनीतिक यात्रा ने रफ्तार पकड़ी। 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार में उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान मिला। अपने पहले कार्यकाल में वह वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की स्वतंत्र प्रभारी मंत्री रहीं। 2017 में उन्होंने रक्षा मंत्री का महत्वपूर्ण पद संभाला और 2019 से वह देश की वित्त मंत्री के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
फिलहाल, जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति भवन पहुंच चुकी हैं। वो 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी, जिसपर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं। इससे पहले वह कर्तव्य कार्यालय पहुंची।
Location : New Delhi
Published : 1 February 2026, 9:28 AM IST