
दिल्ली का AQI 369 रहा है, जो कि बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है (IMG-X)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में कोहरे और हवा की धीमी रफ्तार से वायु प्रदूषण की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार लगाए गए अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिन वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रह सकती है। आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्के कोहरे की संभावना है। इसके साथ ही हवा की गति कम होने और मौसम अनुकूल नहीं रहने से जहरीले कण वातावरण में बने रह सकते हैं।
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानि CPCB के मुताबिक, बीते शनिवार को शाम 4 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 369 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 382 था, यानी एक दिन में 13 अंक का सुधार हुआ। हालांकि 16 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रहा है। दिवाली की पूर्व संध्या पर शहर धूम कोहरे की आगोश में लिपटा रहा और दृश्यता कम हो गई। दिल्ली का औसत एक्यूआई गंभीर श्रेणी की 401 की सीमा से नीचे होने के बावजूद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के 7 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर को दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके बाद 10 नवंबर को हवा के बहुत खराब श्रेणी में लौटने की संभावना बताई जा रही है। अगले 6 दिनों के पूर्वानुमान में भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आठ नवंबर को वेंटिलेशन इंडेक्स 2,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड और नौ नवंबर को 3,500 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6,000 से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रतिघंटा से कम औसत हवा की रफ्तार प्रदूषकों के फैलाव के लिए प्रतिकूल होती है।
सीपीसीबी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का औसतन एक्यूआई 369 रहा है, जो कि बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। इसके अलावा 59 में से 54 निगरानी केंद्रों पर हवा बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में रही है। किसी भी केंद्र पर हवा मध्यम या संतोषजनक स्तर पर दर्ज नहीं की गई। सबसे कम एक्यूआई लोधी रोड में 258 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में माना जाएगा। दिल्ली की हवा में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन प्रदूषण अब भी बरकरार है। 4 नवंबर के मुकाबले 7 नवंबर को गंभीर श्रेणी वाले निगरानी केंद्रों की संख्या 22 से घटकर 19 रह गई। हालांकि बहुत खराब श्रेणी वाले केंद्र 32 से बढ़कर 35 हो गए।
यह भी पढ़ें- यूपी में सुहावना रहेगा दीपावली का मौसम: बारिश का कोई खतरा नहीं, दिन में खिलेगी चटक धूप और रातें होंगी सर्द
आपको बता दें कि नजफगढ़ और चांदनी चौक जैसे इलाकों में प्रदूषण बढ़ा है। दोनों जगह का एक्यूआई 411 और 397 दर्ज किया गया है। चार नवंबर के मुकाबले सात नवंबर को नजफगढ़ में 32 व चांदनी चौक में 31 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। कैंटोनमेंट क्षेत्र में भी एक्यूआई 295 से बढ़कर 327 पहुंच गया।
दिल्ली सरकार बीते शनिवार को अन्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में पंजीकृत बीएस-6 उत्सर्जन मानकों से नीचे के वाहनों पर हर साल 1 नवंबर से 31 जनवरी के बीच प्रतिबंध लागू करेगी। सरकार ने सर्दियों के मौसम के लिए अपनी कार्य योजना के चलते इस साल की उक्त अवधि के लिए दिल्ली के बाहर पंजीकृत ऐसे मोटर वाहनों के परिचालन प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है, जो बीएस-6 उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते। इस अवधि के दौरान शहर में वायु प्रदूषण सबसे अधिक होता है और हवा की गुणवत्ता सबसे खराब रहती है। इस कदम का उद्देश्य वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को सीमित करना और सड़कों पर उड़ने वाली धूल को कम करना है।
Location : New Delhi
Published : 8 November 2026, 9:08 AM IST