दिल्ली पुलिस के लिए दौड़ते-दौड़ते तोड़ दिया दम, बुलंदशहर के सौरभ का खाकी वाला सपना रह गया अधूरा

वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PE&MT) के दौरान 23 वर्षीय परीक्षार्थी सौरभ कुमार की दौड़ते समय अचानक गिर जाने से मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 3:01 PM IST

New Delhi: दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए 'फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट' (PE&MT) के दौरान दौड़ते समय 23 साल के उम्मीदवार सौरभ कुमार की मौत हो गई। वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में हो रहे इस टेस्ट के दौरान अचानक बीमार पड़ने पर वह ट्रैक पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दौड़ के दौरान अचानक गिरे सौरभ

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह करीब 11:00 बजे हुई। सौरभ PE&MT के तहत दौड़ रहे थे तभी अचानक ट्रैक पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्हें PCR वैन से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें - दिल्ली पुलिस भर्ती में बड़ा अपडेट! खराब मौसम से PE & MT एग्जाम टले; देखें नया शेड्यूल

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत किया घोषित

अस्पताल में डॉक्टरों ने सौरभ की जांच की लेकिन उनकी जान नहीं बचा सके; उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर सोनिया विहार पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए GTB अस्पताल भेज दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा।

बुलंदशहर के रहने वाले थे सौरभ

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के अनूपशहर इलाके के सलामतपुर-नेतानगर गांव के रहने वाले थे। सौरभ दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए आयोजित फिजिकल टेस्ट में शामिल होने आए थे। इस घटना की खबर से उनके परिवार और परिचितों में शोकाकुल है।

यह भी पढ़ें - “नौकरी का लालच, पैसों का खेल और फिर मिली जानलेवा धमकी!” यूपी पुलिस भर्ती धोखाधड़ी में बेपर्दा हुआ बड़ा राज

पुलिस ने जांच की शुरू

सोनिया विहार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक उम्मीदवार की अचानक मौत ने फिजिकल टेस्ट के समय उम्मीदवारों की सेहत और सुरक्षा की निगरानी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Location :  New Delhi

Published :  21 September 2026, 3:01 PM IST