हिंदी
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा जल्द ही एक वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के नेताओं द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों पर सफाई देंगे। राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन पर तीन गंभीर आरोप लगाए हैं।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ( Img: Google)
New Delhi: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा जल्द ही एक नया वीडियो जारी करेंगे, जिसमें वह आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से उनके खिलाफ लगाए गए झूठे आरोपों का खुलासा करेंगे। चड्ढा का कहना है कि इन आरोपों का मकसद उनकी संसद में जनता की आवाज को दबाना और उन्हें बदनाम करना है।
राघव चड्ढा ने पहले भी एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि क्या राज्यसभा में जनता के लिए आवाज उठाना गलत है? उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ तीन बड़े आरोप लगाए गए हैं, जिनमें से प्रत्येक पूरी तरह से बेबुनियाद है। फेसबुक लाइव के माध्यम से चड्ढा ने इन आरोपों का विस्तार से जवाब दिया और कहा कि झूठ को बार-बार दोहराया जाए तो लोग उसे सच मानने लगते हैं।
पहला आरोप यह है कि जब विपक्ष सदन से वॉकआउट करता है, तो चड्ढा वहीं बैठते रहते हैं। चड्ढा ने इसे पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि एक दिन ऐसा बताएं जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और उन्होंने उनका साथ न दिया हो। उन्होंने कहा कि संसद के हर सत्र में सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं और फुटेज देखकर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। चड्ढा हमेशा विपक्ष के साथ खड़े रहे हैं और सत्ता पक्ष से भी सवाल पूछते रहे हैं।
दूसरा आरोप यह था कि उन्होंने चीफ इलेक्शन कमिश्नर को हटाने वाली याचिका पर साइन नहीं किया। चड्ढा ने इसे भी गलत बताया और कहा कि उन्हें इस याचिका पर साइन करने के लिए किसी ने कहा ही नहीं। उन्होंने बताया कि राज्यसभा में उनकी पार्टी के दस सांसद हैं, जिनमें से छह-सात ने खुद ही याचिका पर साइन नहीं किया। इस याचिका के लिए केवल 50 सिग्नेचर चाहिए थे, यानी विपक्षी 105 सांसदों में से 50 ही पर्याप्त थे।
राघव चड्ढा की एजुकेशन क्वालिफिकेशन क्या है? जानिए उनकी सफलता की कहानी
तीसरा आरोप था कि चड्ढा डर गए हैं और इसलिए बेकार मुद्दे उठाते हैं। उन्होंने कहा कि वह संसद में जनता के मुद्दे उठाने गए थे, न कि गाली देने, माइक तोड़ने या चिल्लाने। उन्होंने जीएसटी, पानी, पंजाब के जल संकट, दिल्ली की हवा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे उठाए। उनका कहना है कि उनका ट्रैक रिकॉर्ड स्पष्ट है और हर सवाल का जवाब दिया जाएगा।