मानसून की लुकाछिपी के बीच 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर आफत तो दिल्ली में उमस; जानें अपने शहर के मौसम का हाल

मौसम विभाग ने 12 जुलाई को UP, बिहार और उत्तराखंड समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। तेज हवाओं का भी अनुमान है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 July 2026, 8:24 AM IST

New Delhi: देश में इन दिनों मानसून लगातार अपनी चाल बदल रहा है और कई हिस्सों में लुकाछिपी का खेल जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जुलाई को देश के 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहां उत्तर और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश के अच्छे आसार बने हुए हैं, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून का रुख अब उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की तरफ अधिक केंद्रित हो गया है, जिसके कारण अगले पांच दिनों तक कुछ मैदानी इलाकों में कम बारिश देखने को मिल सकती है।

रविवार को इन 18 राज्यों में मंडराएंगे बादल

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, रविवार को देश के 18 राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। इस सूची में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं।

इसके साथ ही अगले 24 घंटों के भीतर कई स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई गई है। आईएमडी ने खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए नागरिकों को बेवजह यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त हिदायत दी है।

ये भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में मानसून का तांडव, 42 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें कहां मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

पहाड़ी राज्यों में मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव है, जिसके चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का ऑरेंज/रेड अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे मनाली, धर्मशाला, शिमला, सोलन और मंडी में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन (Landslide) की घटनाएं भी सामने आई हैं और पहाड़ों पर घने कोहरे व धुंध की स्थिति बनी हुई है। उत्तराखंड में भी ऐसा ही नजारा है, जहां देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी का टॉर्चर

एक तरफ जहां पहाड़ों पर बादल बरस रहे हैं, वहीं देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में मॉनसून की रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक लग गया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में रविवार को उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

यहां का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, राहत की बात यह है कि शाम तक मौसम में हल्के बदलाव की उम्मीद है, जिससे उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है।

ये भी पढ़ें: UP Weather: गोरखपुर और अयोध्या समेत इन जिलों में होगी इतनी भयंकर बारिश…घरों से निकलना भी हो जाएगा बिल्कुल नामुमकिन!

आगामी दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, 11 से 15 जुलाई तक हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार अच्छी बारिश का दौर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 से 13 जुलाई के बीच बारिश की संभावना है।

वहीं, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 से 13 जुलाई के बीच बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारें देखने को मिल सकती हैं। पंजाब में 10 से 13 जुलाई और उत्तर प्रदेश में 12 से 14 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने के पूरे चांस हैं।

Location :  New Delhi

Published :  12 July 2026, 8:24 AM IST