
15 राज्यों में 10 घंटे का महा-अलर्ट (Img : pinterest)
New Delhi: देशभर में मानसून की रफ्तार अब डराने लगी है। दिल्ली से लेकर मुंबई और यूपी से लेकर गुजरात तक आंधी-बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 10 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश और भीषण आंधी-तूफान को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बारिश और अंधड़ के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी गंभीर चेतावनी दी गई है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और सचेत रहने की अपील की है। जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल शामिल हैं।
राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद (NCR) में 8 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को भी थंडरस्टॉर्म यानी गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने के संकेत हैं, लेकिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे जिससे उमस और गर्मी से राहत बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल सकता है। यूपी के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, इटावा और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार की बात करें तो पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान है। बिहार में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का सबसे अधिक खतरा है, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है।
राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर जैसे जिलों में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। यहां 8 और 9 जुलाई को बेहद भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 जुलाई से बारिश में कमी आएगी। दूसरी तरफ, महाराष्ट्र में स्थिति और भी गंभीर है, जहां सड़कों पर समंदर जैसा नजारा है। मुंबई के लिए 'येलो' और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पालघर और नासिक में भी भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हालांकि, कल से महाराष्ट्र में बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी होने की उम्मीद है।
गुजरात और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां निचले इलाकों में जलभराव और आवश्यक सेवाएं ठप होने की आशंका है। उधर, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में ऑरेंज अलर्ट है। तीस्ता और तोर्सा जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है, जिससे फसलों और संपत्ति को भारी नुकसान होने का डर है।
Location : New Delhi
Published : 8 July 2026, 8:07 AM IST