
प्रतीकात्मक छवि (Img- Internet)
New Delhi: देशभर में मानसून का इंतजार अब लगभग खत्म होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। मानसून के आगमन के साथ ही केरल और आसपास के क्षेत्रों में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
IMD ने देश के 17 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, असम, मेघालय और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 3 से 5 जून के बीच मौसम सुहाना बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, 5 जून तक मिलेगी गर्मी से राहत
उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, मेरठ और आगरा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। 3 और 4 जून को 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार में 3 से 8 जून तक बारिश की संभावना है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 4 से 6 जून के बीच कुछ क्षेत्रों में लू का असर भी बना रह सकता है।
राजस्थान में 3 से 5 जून के बीच आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी की भी आशंका है। उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।
पंजाब में 3 से 6 जून तक गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Location : New Delhi
Published : 3 June 2026, 8:01 AM IST