Site icon Hindi Dynamite News

Yamuna Flood: यमुना नदी में डूबे दिल्ली के कई इलाके, बाढ़ का खतरा बरकरार

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर इस सीजन में 207.48 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से कहीं ऊपर है। निचले इलाकों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है।
Post Published By: Mayank Tawer
Published:
Yamuna Flood: यमुना नदी में डूबे दिल्ली के कई इलाके, बाढ़ का खतरा बरकरार

Delhi: दिल्ली में यमुना नदी का उफान काफी तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की सुबह यमुना नदी का पानी 207.33 मीटर तक पहुंच गया। गुरुवार को नदी का जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था। लेकिन शुक्रवार को थोड़ा कम हुआ। यह राहत की बात तो है, लेकिन बाढ़ का खतरा अभी भी हजारों लोगों के साथ दिल्ली सरकार को प्रभावित कर रहा है।

उफान पर यमुना नदी का पानी

दिल्ली के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। दिल्ली में पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया। यह इस मानसून सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। चेतावनी स्तर 204.50 मीटर, खतरे का स्तर 205.33 मीटर और उच्च बाढ़ स्तर 208.66 मीटर है। वर्तमान में जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन यमुना का वेग तेज है और पानी घटने की रफ्तार काफी धीमी है।

काफी तेज यमुना नदी का बहाव

हथनी कुंड बैराज से लगातार करीब 1.4 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा वजीराबाद और ओखला बैराज से करीब 2 लाख क्यूसेक पानी हर घंटे दिल्ली से बाहर निकाला जा रहा है। इससे यमुना का बहाव काफी तेज बना हुआ है।

दिल्ली के इन इलाकों का बुरा हाल

ईस्ट दिल्ली के अलावा राजधानी के यमुना बाजार, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट और आईएसबीटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में 4 से 10 फीट तक पानी भर चुका है। यमुना बाजार की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है, जहां जलस्तर 7 फीट तक पहुंच गया। यहां राहत शिविरों को भी दूसरी जगहों पर स्थानांतरित करना पड़ा है। वासुदेव घाट, बेला रोड और आसपास की कॉलोनियों में पानी भरने से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

मयूर विहार फेज-1 के पास राहत शिविरों में भी भरा पानी

मयूर विहार फेज-1 के पास बनाए गए राहत शिविरों में निचले इलाकों से लोगों को पहुंचाया जा रहा है। कई घरों में 4 फीट तक पानी घुस चुका है और लोगों को जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इन क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए विशेष मशीनें लगाई गई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक कोई बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता इस बाढ़ से निपटने के लिए काफी एक्टिव हैं।

Exit mobile version