
प्रतीकात्मक छवि
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा का एक क्रू मेंबर भी शामिल है। हादसे में दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित एक फाइव स्टार होटल की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम दो विदेशी नागरिक होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों कथित तौर पर बिजली के करंट की चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की जान चली गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्विमिंग पूल में करंट कैसे फैला। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों विदेशी नागरिकों की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थिस और 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है।
अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थिस जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा में क्रू मेंबर के तौर पर काम करते थे। वहीं, दूसरे मृतक जुराज होर्वाट आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दोनों की मौत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्विमिंग पूल में दोनों लोगों को करंट की चपेट में देखकर उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग आगे आए। इनमें एक अमेरिकी नागरिक और होटल का पूल अटेंडेंट शामिल था। हालांकि, बचाव की कोशिश के दौरान दोनों भी करंट की चपेट में आ गए।
घायलों की पहचान 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय होटल कर्मचारी राहुल तिवारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को तत्काल मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
वहीं, दो विदेशी नागरिकों की मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्विमिंग पूल में बिजली का करंट किन परिस्थितियों में फैला। साथ ही होटल परिसर में मौजूद विद्युत व्यवस्था और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Location : Bengaluru
Published : 31 October 2026, 1:52 PM IST
Topics : Bengaluru Five Star Hotel Bengaluru Hotel Accident Bengaluru Swimming Pool Accident Electric Shock Death Lufthansa Crew Member Death