Jharkhand Protest: पूछताछ से खुल सकते हैं बड़े राज! JPSC की पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य से CID करेगी सवाल-जवाब

JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब और अहम मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य से CID सोमवार को पूछताछ करेगी। तीन सदस्यों के इस्तीफे और पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के बाद यह कार्रवाई कई सवाल खड़े कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 August 2026, 1:34 PM IST

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और OMR शीट में हेराफेरी के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के बाद तीन सदस्यों के इस्तीफे और अब CID की पूछताछ ने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। सोमवार को JPSC की पूर्व सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य से झारखंड पुलिस की CID पूछताछ करने वाली है।

तीन सदस्यों को भेजा गया था समन

JPSC के सदस्य रहे डॉ. अजीता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। इसके बाद CID ने तीनों को अलग-अलग तारीखों पर पूछताछ के लिए समन जारी किया। इसी क्रम में सोमवार को अजीता भट्टाचार्य से पूछताछ होनी है।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Protest: रांची में विधानसभा घेरने जा रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां

इस पूछताछ को इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि CID लंबे समय से आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान क्या हुआ और किन स्तरों पर अनियमितता की शिकायतें सामने आईं।

OMR शीट में छेड़छाड़ के आरोपों की जांच

मामला JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं से जुड़ा है। आरोप है कि परीक्षा संचालन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और OMR शीट में कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। इसके अलावा कुछ अयोग्य अभ्यर्थियों को पास कराने के आरोप भी सामने आए हैं। इन आरोपों की जांच CID के स्तर से की जा रही है। ऐसे में आयोग के सदस्यों से होने वाली पूछताछ जांच के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, किसी भी आरोप की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Protest: रांची में गरमाया माहौल; CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र, पुलिस ने की पानी की बौछार

पूर्व अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद बढ़ा दबाव

इस पूरे मामले में JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते भी जांच के दायरे में आ चुके हैं। इससे पहले CID ने उनके कार्यालय और आवास पर छापेमारी की थी। इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया।

अब आयोग के तीन सदस्यों के इस्तीफे और CID की पूछताछ ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अजीता भट्टाचार्य से होने वाली पूछताछ में जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं और आयोग के भीतर लिए गए फैसलों से जुड़े सवाल पूछ सकती है।

Location :  Ranchi

Published :  10 August 2026, 1:34 PM IST