JNU के हॉस्टल में खौफनाक वारदात; पहले छात्रा से दोस्ती पर विवाद फिर चापड़ से जानलेवा हमला

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के बराक हॉस्टल में दो छात्रों के बीच एक छात्रा से दोस्ती को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे पर चापड़ से हमला कर दिया। सौरभ नाम का छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 November 2026, 7:24 PM IST

New Delhi: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रों के बीच विवाद के बाद हिंसक संघर्ष का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के बराक हॉस्टल में एक छात्रा से दोस्ती को लेकर दो छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में सौरभ नाम का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, चेहरे, हाथ और आंख समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सौरभ जेएनयू में भाषा की पढ़ाई कर रहा है और द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा से दोस्ती थी। वहीं, आरोपी छात्र अजय को इस दोस्ती पर आपत्ति थी। अजय भी जेएनयू में एमए द्वितीय वर्ष का छात्र है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गुरुवार को कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

सौरभ की एक आंख की रोशनी जाने की बात

घटना के बाद घायल सौरभ को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि सौरभ की एक आंख की रोशनी चली गई है और अब वह उस आंख से देख नहीं पाएगा। शनिवार शाम तक उसका अस्पताल में इलाज जारी था।

दीपावली पर कानपुर के मंदिर में चमत्कारी नजारा! 52 लाख रुपये से हुआ मां लक्ष्मी का श्रृंगार

एम्स की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी में बताया गया कि हिंसा के बाद एक छात्र और 10 अन्य घायलों को अस्पताल लाया गया था। छात्र की दाहिनी आंख, नाक, चेहरे और कंधों पर गंभीर चोटें थीं। उसे कई फ्रैक्चर भी हुए थे और उसकी सर्जरी की गई। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इस घटना में आरोपी अजय समेत चार छात्रों के घायल होने की जानकारी दी है। 

जेएनयू के सुरक्षा अधिकारी नवीन यादव ने बताया कि दो छात्रों के बीच एक महिला मित्र को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उनके मुताबिक, झगड़े के दौरान एक छात्र ने कसाई में इस्तेमाल होने वाला चापड़ निकालकर दूसरे के चेहरे पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। 

दीवाली की खुशियों के बीच घर में छाया मातम, प्रतापगढ़ में कमरे के अंदर संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव

हत्या के प्रयास का केस दर्ज

इस मामले में छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसकी शिकायत के आधार पर वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने शुक्रवार को हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अजय को भी चोटें आई थीं और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। शनिवार शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  NewDelhi

Published :  7 November 2026, 7:24 PM IST