Haryana Fire: जींद में LPG टैंकर बना आग का गोला, 50 फीट ऊंची लपटें देख सहमे लोग

हरियाणा के जींद में शुक्रवार रात रोहतक रोड पर LPG से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। आसमान तक उठती लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। पुलिस ने सड़क बंद कराई, जबकि कई जिलों से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने सुबह तक आग बुझाने का प्रयास किया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 22 November 2026, 2:02 AM IST

Haryana: हरियाणा के जींद में शुक्रवार रात रोहतक रोड पर LPG से भरे एक टैंकर में भीषण आग लग गई। टैंकर में करीब सात टन गैस भरी हुई थी। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 50 फीट ऊंचाई तक उठने लगीं। टैंकर से लगातार धुएं के गुबार निकल रहे थे। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जागरण संवाददाता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे बिशनपुरा गांव में रोहतक रोड पर खड़े LPG टैंकर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही टैंकर चालक और आसपास मौजूद लोग वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर डीएसपी विपिन अहलावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रोहतक रोड को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया, ताकि लोगों और वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।

घर छोड़कर दूसरी तरफ जाने लगे ग्रामीण

टैंकर में लगी आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आग और धुएं के गुबार को देखकर बिशनपुरा गांव के काफी लोग एहतियातन अपने घर खाली करने लगे। ग्रामीण अनूपगढ़ और घिमाना की तरफ चले गए। टैंकर में बड़ी मात्रा में गैस होने के कारण आसपास के लोगों में डर का माहौल था।

Cyber Fraud: न लिंक पर क्लिक किया, न OTP दिया… फिर भी खाते से उड़ गए लाखों रुपये! जानिए क्या है जीरो क्लिक फ्रॉड

घटनास्थल के आसपास दो महत्वपूर्ण स्थान भी मौजूद थे। जिस जगह टैंकर में आग लगी, वहां से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक पेट्रोल पंप है, जबकि एचपी गैस प्लांट करीब 800 मीटर दूर स्थित है। ऐसे में आग का आसपास फैलना गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। हालांकि, गनीमत रही कि आग टैंकर से आगे नहीं फैली और एक बड़ा हादसा टल गया।

15 दमकल गाड़ियों ने सुबह तीन बजे तक पाया काबू

आग पर काबू पाने के लिए आसपास के कई जिलों से दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। सोनीपत, रोहतक, हांसी और हिसार समेत आसपास के जिलों से पहुंची फायर ब्रिगेड की कुल 15 गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकलकर्मियों की कोशिशों के बाद सुबह करीब तीन बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

कानपुर में तीसरी शादी के बाद खुला लुटेरी दुल्हन का राज, लाखों के जेवर और नकदी लेकर पहुंची मायके; पढे़ें पूरी खबर

फिलहाल टैंकर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। आग लगने की वजह सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Haryana

Published :  22 November 2026, 2:02 AM IST