Jharkhand News: कोयला ट्रकों के आतंक से भड़का जनाक्रोश, मौत के बाद सिमरिया में घंटों सड़क जाम

सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा में कोयला ट्रक की चपेट में आने से बेलगड़ा निवासी गोपाल पांडे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बेलगड़ा के पास सिमरिया-बगरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 May 2026, 12:51 PM IST

Jharkhand: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा में कोयला ट्रक की चपेट में आने से बेलगड़ा निवासी गोपाल पांडे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बेलगड़ा के पास सिमरिया-बगरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब आठ घंटे से जारी सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि इलाके में लगातार कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बेलगाम कोयला ट्रकों की वजह से आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

Jharkhand News: चतरा में ब्राउन शुगर तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो धंधेबाज गिरफ्तार

आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि जब तक बायपास सड़क का निर्माण नहीं होता, तब तक मुख्य सड़क से कोयला वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अब लोगों के लिए “मौत का रास्ता” बन चुकी है, जहां हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। मृतक के परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर डटे रहे।

Jharkhand News: चतरा में JJMP को बड़ा झटका, लेवी और आगजनी मामले में सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कोयला ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाने और बायपास सड़क निर्माण को लेकर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं मामले को लेकर अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि प्रशासन ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों की टीम लगातार मौके पर कैंप कर रही है ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

Location :  Jharkhand

Published :  25 May 2026, 12:51 PM IST