
जेएनयू (File Photo)
नई दिल्ली: अगर आप रिसर्च, लेखन या किसी क्रिएटिव प्रोजेक्ट पर काम करना चाहते हैं और आर्थिक सहयोग की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड (JNMF) ने प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस फेलोशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को दो साल तक हर महीने 1 लाख रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अलावा यात्रा, सचिवीय सहायता और अन्य जरूरी खर्चों के लिए सालाना 75,000 रुपये का अतिरिक्त कंटिंजेंसी भत्ता भी मिलेगा। खास बात यह है कि इस फेलोशिप के लिए कोई निर्धारित आयु सीमा नहीं रखी गई है।
जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप 2026 के तहत चयनित उम्मीदवारों को 24 महीने तक हर महीने 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस तरह दो साल की अवधि में कुल 24 लाख रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा।
इसके अतिरिक्त उम्मीदवारों को यात्रा, सचिवीय सहायता और प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य खर्चों के लिए सालाना 75,000 रुपये का कंटिंजेंसी भत्ता दिया जाएगा। दिए गए विवरण के अनुसार, स्टाइपेंड आयकर अधिनियम की धारा 10(17A) के तहत टैक्स-फ्री है।
इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए किसी एक विशेष शैक्षणिक या पेशेवर पृष्ठभूमि की अनिवार्यता नहीं बताई गई है।
विज्ञान, मानविकी, पत्रकारिता, कला और सिविल सर्विसेज समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि आवेदन करने के लिए कोई अधिकतम या न्यूनतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप की एक खास सुविधा यह है कि चयनित उम्मीदवारों को अपने प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए किसी एक संस्थान या स्थान तक सीमित नहीं रहना होगा।
फेलो भारत के भीतर अपनी पसंद के किसी भी स्थान से शोध, लेखन या इनोवेटिव प्रोजेक्ट पर काम कर सकेंगे। इस फेलोशिप का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर चुके लोगों को भारत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर स्वतंत्र रूप से गहन अध्ययन और रचनात्मक कार्य करने का अवसर देना है।
Location : New Delhi
Published : 3 November 2026, 11:04 AM IST