हिंदी
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट (IMG: Pinterest)
New Delhi: हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब दिल्ली से दमन की यात्रा पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट से दमन के लिए सीधी नियमित उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इस नई फ्लाइट के शुरू होने के साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के 90 घरेलू गंतव्यों से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित कर ली है। इसके साथ ही आईजीआई एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़ा घरेलू विमानन हब बन गया है।
दिल्ली से दमन के लिए शुरू की गई नई उड़ान सेवा का संचालन एलायंस एयर करेगी। इस नई सेवा से दमन आने-जाने वाले यात्रियों को अब दूसरे शहरों के जरिए सफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा का समय भी कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुताबिक, दमन को जोड़ने के बाद आईजीआई एयरपोर्ट अब देश के 90 घरेलू शहरों से सीधे जुड़ गया है। यह उपलब्धि दिल्ली एयरपोर्ट को देश का सबसे बड़ा घरेलू एविएशन हब बनाती है।
डायल के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट अब देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में से 32 तक सीधी हवाई सेवा उपलब्ध करा रहा है। इनमें 27 राज्य और 5 केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। यह उपलब्धि देश के किसी अन्य एयरपोर्ट के पास नहीं है।
नई उड़ान सेवा शुरू होने से दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव केंद्रशासित प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य छोटे और उभरते शहरों को देश के प्रमुख विमानन नेटवर्क से जोड़ना है।
Location : New Delhi
Published : 4 August 2026, 4:09 PM IST