हिंदी
भारत में मौसम का बड़ा उलटफेर (Img: Google)
New Delhi: देश का मौसम आज यानी गुरुवार को साफतौर पर दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में जहां गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश ने राहत के संकेत दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है, और अगले 48 घंटों में लू जैसी स्थिति बनने का अनुमान है।
पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी ने तेवरदिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन के समय तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक शाम के समय हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन दिनभर की तपिश से फिलहाल कोई बड़ी राहत नहीं है।
राजस्थान में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच रहा है, जिससे लू का असर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने यहां के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है और लोगों को जरूरी काम के अलावा घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज थोड़ा मिला-जुला है। पश्चिमी यूपी में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं पूर्वी हिस्सों में हल्की नमी के कारण कुछ राहत महसूस हो रही है। मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है। कुछ हिस्सों में तेज गर्मी बनी हुई है, लेकिन कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन उमस बढ़ने से परेशानी भी बढ़ सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे वहां के तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक बनी रहेगी, जबकि मैदानी इलाकों में सामान्य गर्मी का असर रहेगा।
दक्षिण भारत के राज्यों-केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मौसम ने राहत भरा रुख अपनाया है। यहां कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जो प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दक्षिण में बारिश बढ़ सकती है, जबकि उत्तर भारत में गर्मी और तेज होने के आसार हैं।
Location : New Delhi
Published : 16 April 2026, 7:58 AM IST