
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल ने इंडियन नेवी के एक जवान को संवेदनशील रक्षा जानकारी कथित तौर पर साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए एक महिला से हुई दोस्ती के बाद जवान उसके संपर्क में आया था। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
आंध्र प्रदेश पुलिस की CI सेल ने इंडियन नेवी के जवान प्रदीप मुखर्जी को कोयंबटूर से गिरफ्तार किया है। वह रेड फील्ड्स स्थित INS अग्रणी में मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले प्रदीप के संपर्क में सोशल मीडिया के जरिए एक महिला आई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती बढ़ी। आरोप है कि महिला ने इसी संपर्क का फायदा उठाकर प्रदीप से विशाखापट्टनम स्थित नेवल बेस और उससे जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल की।
जांच एजेंसियों को शक है कि महिला का संबंध पाकिस्तान की खुफिया गतिविधियों से हो सकता है। इसी आधार पर मामले में हनीट्रैप एंगल की भी जांच की जा रही है।
शनिवार सुबह काउंटर इंटेलिजेंस की स्पेशल टीम INS अग्रणी पहुंची और प्रदीप को हिरासत में लिया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
इसके बाद जवान को स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां जांच एजेंसी ने ट्रांजिट वारंट हासिल किया। बाद में उसे आगे की पूछताछ के लिए विजयवाड़ा स्थित काउंटर इंटेलिजेंस मुख्यालय ले जाया गया।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर कितनी और किस तरह की जानकारी साझा की गई। एक अधिकारी के अनुसार, जांच का दायरा रणनीतिक नौसैनिक संपत्तियों, जहाजों की आवाजाही और ऑपरेशनल व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तक है।
इसके साथ ही एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि जानकारी साझा करने के बदले जवान को हवाला या डिजिटल पेमेंट के जरिए कोई रकम मिली थी या नहीं।
गाड़ी खरीदने का शानदार मौका! जीप कंपस से लेकर ग्रैंड चेरोकी तक मिल रही है भारी छूट, जानिए पूरी डिटेल
प्रदीप मुखर्जी वर्ष 2014 में इंडियन नेवी में नाविक के तौर पर शामिल हुआ था। वह विशाखापट्टनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड के तहत तैनात था। करीब एक सप्ताह पहले ही वह मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स के लिए INS अग्रणी पहुंचा था।
पुलिस की CI सेल ने कथित संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के बाद उसे निगरानी में रखा था। फिलहाल एजेंसियां सोशल मीडिया संपर्क, डिजिटल गतिविधियों और कथित तौर पर साझा की गई रक्षा जानकारी की जांच कर रही हैं। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Location : New Delhi
Published : 4 October 2026, 11:32 AM IST