
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद हिरासत में
New Delhi: राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने पहुंचे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को पुलिस ने शुक्रवार रात को हिरासत में ले लिया। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन में पहुचे थे। पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय में हिरासत में लिया।
यूनिवर्सिटी परिसर में बीते दिनों दीवारों पर 'फ्री कश्मीर' और 'फ्री शरजील इमाम' जैसे विवादित नारे भी लिखे मिले थे। इन नारों के लिखे जाने के बाद से यूनिवर्सिटी से लेकर सड़कों तक तनाव बढ़ गया।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वो परिसर की दीवारों पर लिखे गए किसी भी विवादित पोस्टर या नारे का समर्थन नहीं करते हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि जो लोग इस आंदोलन को तोड़ना चाहते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए हम अपनी जान भी दे देंगे। आखिर पुलिस बल की इतनी तैनाती किस बात के लिए की गई है? मैं तो इन बच्चों से मिलने आ रहा था। फिर इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल क्यों तैनात किया गया है।
इमरान मसूद ने कहा कि वे अपने बच्चों के लिए अपनी जान भी दे सकते हैं। ये मेरे बच्चे हैं और मेरे मुल्क का भविष्य हैं। इनके अधिकारों को कुचलने की कोशिश की जा रही है। बच्चों को विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। छात्र संघ बहाल क्यों नहीं किया जा रहा है? आखिर क्या वजह है कि आप छात्र संघ की बहाली नहीं करना चाहते?
जामिया में 2005-06 के बाद से छात्र संघ चुनाव पर लगी है रोक
जामिया में वर्ष 2005-06 के बाद से छात्र संघ चुनाव पर रोक लगी हुई है। छात्र संघ के चलते कैंपस में काफी तनाव रहता था। कई बार मारपीट की घटना भी सामने आई थी। छात्र संघ चुनाव के संबंध में कोर्ट के भी निर्देश है। जिसके चलते चुनाव नहीं होता है। वर्ष 2022 में छात्र संघ चुनाव के आयोजन को लेकर कोर्ट में याचिका दाखिल हुई थी। लेकिन कोर्ट ने उसे निरस्त कर दिया था।
जामिया मिलिया इस्लामिया में 12 अक्टूबर से छात्र संघ चुनाव (JMISU) की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है. इस दौरान छात्राओं ने भी एकजुट होकर बड़ा मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि जब तक चुनाव शेड्यूल जारी नहीं होता, वो अपना आंदोलन खत्म नहीं करेंगी। हालांकि प्रशासन ने छात्र संघ के नए संविधान का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए एक कमेटी बनाई है, लेकिन छात्र तुरंत चुनाव की तारीखों का ऐलान करने पर अड़े हुए हैं।
Location : New Delhi
Published : 23 October 2026, 11:08 PM IST