
मानसून का यू-टर्न (Img- Envato)
New Delhi: स्वतंत्रता दिवस के जश्न से ठीक पहले देश के बड़े हिस्से में मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार समेत 10 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए वेदर सिस्टम के कारण अगले 3-4 दिनों तक देश भर में मौसम की हलचल तेज रहने वाली है।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। एमपी के राजगढ़, विदिशा और सीहोर जैसे जिलों में 24 घंटे के भीतर भारी बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान में भी 13 अगस्त तक मानसून पूरी तरह मेहरबान रहेगा। हालांकि, 14 और 15 अगस्त से पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 12 से 15 अगस्त के बीच मौसम सुहाना बना रहेगा। IMD के अनुसार, दिल्ली में बहुत हल्की से हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में अयोध्या, वाराणसी, मेरठ और नोएडा समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है, जबकि राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहने का अनुमान है। पहाड़ों पर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
UP Weather: प्रदेश में मानसून सक्रिय, यूपी के इन जिलों में होगी भारी बारिश
बिहार के 20 से अधिक जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट है। ओडिशा के तटीय इलाकों में बंगाल की खाड़ी से उठने वाले कम दबाव के क्षेत्र की वजह से 16 अगस्त तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 14 अगस्त तक तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 11 August 2026, 7:53 AM IST
Topics : IMD Alert Monsoon 2026 Weather News Weather Update