
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
New Delhi: देश में मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं तेज धूल भरी आंधी है तो कहीं आसमान से बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत समेत 16 राज्यों में तेज बारिश, तूफानी हवाओं और बिजली गिरने का बड़ा अलर्ट जारी किया है।
कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे जहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं खराब मौसम नई मुश्किलें भी खड़ी कर सकता है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 11 और 12 मई को मौसम अचानक बदल सकता है। IMD ने तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन धूल भरी आंधी और बिजली कड़कने की घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।
Weather Update: दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम? बारिश को लेकर IMD का अलर्ट जानें
उत्तर प्रदेश में 10 से 14 मई के बीच मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और मेरठ समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं बिहार में भी मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। पटना, दरभंगा, पूर्णिया और पश्चिम चंपारण जैसे जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। किसानों को फसल और अनाज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है। मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि अन्य इलाकों में तापमान गिर सकता है।
राजस्थान का मौसम इस समय दो हिस्सों में बंटा दिखाई दे रहा है। पश्चिमी राजस्थान में लू का असर जारी है, जबकि जयपुर, कोटा और उदयपुर में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। धूल भरी आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शिमला, मनाली, नैनीताल और उत्तरकाशी जैसे इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली वालों को मिलेगी राहत! आज आंधी-बारिश के साथ बदलेगा मौसम
असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मेघालय में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई जिलों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 72 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं। तेज हवाएं, बिजली गिरना, पेड़ टूटना और बिजली सप्लाई बाधित होने जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। किसानों, यात्रियों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 10 May 2026, 8:10 AM IST