Delhi Love Story: 15 साल में दो शादियां, शराब की लत ने उजाड़ा घर, सनकी पति ने रेता गला…

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा में एक युवक ने विवाद के बाद अपनी पत्नी का गला रेत दिया। महिला की हालत गंभीर है और आरोपी फरार है। पुलिस हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच में जुटी है। भजनपुरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 February 2026, 9:00 PM IST

New Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने सरेआम अपनी पत्नी का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया। सुबह का वक्त था, लोग अपने-अपने काम पर निकल रहे थे, तभी सर्विस रोड लाल मंदिर गली नंबर-5 के पास चीख-पुकार मच गई। खून से लथपथ हालत में पड़ी कविता शर्मा को तुरंत नजदीकी जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

विवादों से भरी थी शादीशुदा जिंदगी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कविता सी-ब्लॉक भजनपुरा में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। करीब 15 साल पहले उसने अपनी मर्जी से पहली शादी की थी, जिससे दो बच्चे हुए। बाद में विवाद बढ़ने पर तलाक हो गया। करीब छह साल पहले कविता ने दूसरी बार सोनू शर्मा से प्रेम विवाह किया। इस शादी से तीन बच्चे हुए, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा दिन सुखद नहीं रह सका।

कविता का आरोप है कि सोनू को शराब की लत लग गई थी और वह नशे में मारपीट करता था। करीब छह महीने पहले उसने उस पर तेजाब भी डाल दिया था। जिस मामले में केस चल रहा है। पिछले एक महीने से कविता अपने मायके में रह रही थी।

जन्मदिन के दिन बना खूनी दिन

16 फरवरी को कविता अपनी मौसेरी बहन के जन्मदिन पर मौसी के घर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े 9 बजे जैसे ही वह लाल मंदिर के पास पहुंची, सोनू वहां आ धमका। पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते उसने चाकू निकालकर कविता का गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

जांच में जुटी पुलिस

भजनपुरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सोनू को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 19 February 2026, 9:00 PM IST