पानीपत में दिल दहला देने वाला हादसा: बस की टक्कर के बाद धमाका, एक की दर्दनाक मौत

पानीपत के जीटी रोड पर दर्दनाक हादसे में राजस्थान रोडवेज बस की टक्कर से ईको कार में आग लग गई, जिसमें एक युवती जिंदा जल गई और तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 20 March 2026, 12:53 AM IST

Panipat: हरियाणा के पानीपत जिले में जीटी रोड (एनएच-44) पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार राजस्थान परिवहन की बस ने एक ईको वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक युवती जिंदा जल गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयावह था कि बस चालक टक्कर के बाद भी ईको वैन को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद वैन में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं।

टक्कर के बाद धमाका

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के पास हुआ। एक हेक्टर गाड़ी की पहले से खड़ी सेलेरियो कार से टक्कर हो गई थी, जिसके चलते ईको वैन भी वहां रुक गई। उसी दौरान पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज बस ने तेज गति में ईको को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन दूसरी दिशा में घूम गई और बस उसे घसीटते हुए आगे ले गई। इसी दौरान वैन में लगी सीएनजी किट के फटने से आग लग गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई।

Muzaffarnagar Crime: गऊशाला के नाम पर ठगी… 24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 आरोपी गिरफ्तार

ईद पर घर लौट रहे थे यात्री

ईको वैन में सवार लोग पानीपत से बरेली ईद मनाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वैन में कुल आठ यात्री सवार थे, जिनमें से पांच लोग समय रहते बाहर निकल गए थे, लेकिन तीन लोग अंदर ही फंस गए।

आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक युवती जिंदा जल चुकी थी। तीन घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद जीटी रोड की करनाल लेन पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। समालखा थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया।

Maharajganj News: युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल; 36 घंटे तक रुका अंतिम संस्कार, फिर हुआ यह बड़ा फैसला…

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। समालखा थाना प्रभारी गुलशन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बस चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है, जिसने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Location : 
  • Panipat

Published : 
  • 20 March 2026, 12:53 AM IST