
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की हाईलेवल समीक्षा बैठक (Img: Dynamite News)
Deoghar: श्रावणी मेला शुरू होने में अब सिर्फ 9 दिन बचे हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले सरकार तैयारियों के बड़े-बड़े दावे कर रही है। इसी बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खुद श्रावणी मेला की व्यवस्था संभालने के लिए तैयार हैं।
सोमवार को देवघर समाहरणालय में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, बिजली, आपदा प्रबंधन समेत कई विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लिया गया और सभी विभागों को समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में हर साल श्रावणी मेला के दौरान देशभर से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और आपदा प्रबंधन प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाते हैं। पिछले वर्षों में लंबी कतार, अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इस बार सरकार का दावा है कि व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला अवधि के दौरान अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डॉक्टर, एंबुलेंस, दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उनका कहना है कि किसी भी श्रद्धालु को इलाज के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश (Img: Dynamite News)
बैठक में खाद्य सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में बिकने वाले प्रसाद, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की लगातार जांच होगी। यदि किसी दुकान में मिलावट या खराब गुणवत्ता मिली तो सिर्फ दुकानदार ही नहीं, बल्कि निगरानी में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी पर भी कार्रवाई की जाएगी। इससे साफ है कि इस बार जवाबदेही अधिकारियों की भी तय होगी।
देवरिया में आखिर क्यों अचानक बढ़ी किसानों की टेंशन? आम लोगों और राहगीरों की भी बढ़ीं मुश्किलें
नगर निगम और संबंधित विभागों को पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, शौचालयों की व्यवस्था और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हर साल इन सुविधाओं को लेकर श्रद्धालुओं की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में इस बार प्रशासन के सामने सबसे बड़ी परीक्षा यही होगी कि दावे जमीन पर कितने सफल साबित होते हैं।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि वह पूरे श्रावणी मेला की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी और जिला प्रशासन व्यवस्था संभालने में असफल रहा तो वह खुद जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। उनका यह बयान अब प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
Location : Deoghar
Published : 20 July 2026, 5:49 PM IST