
लोगों को अस्पताल ले जाती पुलिस
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हड़कंप मच गया है। घूघरा, जालमपुर, बराज समेत आसपास के गांवों में जहरीली शराब के सेवन से दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना में अब तक 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बीमार ग्रामीणों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बंडा पहुंचाया गया। अस्पताल में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर किया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ मरीजों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर मरीजों के उपचार की जानकारी ली।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। प्रशासन की ओर से अभी तक जहरीली शराब और मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से आई और इसके सेवन से ग्रामीणों की तबीयत कैसे बिगड़ी।
Location : Madhya Pradesh
Published : 6 September 2026, 10:15 AM IST
Topics : Bunda Tehsil Incident madhya pradesh crime news Sagar News Sagar Poisonous Liquor Case Spurious Liquor Deaths