
घर के पास खड़ी कार में मिला मासूम का शव
गोपालगंज: जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में गुरुवार की शाम घर के पास खड़ी बंद कार से आठ वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृत बच्चे की पहचान गुड्डू यादव के आठ वर्षीय पुत्र अनुज कुमार के रूप में की गयी है।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी। बच्चे की गला दबाने एवं तेजाब पिलाने से मौत की बात सामने आ रही है। पुलिस कप्तान विनय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की हत्या कर शव को कार में रखने की बात सामने आयी है। इसकी जांच की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि अनुज बुधवार की दोपहर से ही लापता हो गया था। परिजन अपने स्तर पर उसकी खोजबीन कर रहे थे। रिश्तेदारों और आस-पड़ोस में भी तलाश की गयी, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
इसी बीच गुरुवार की शाम करीब चार बजे अनुज के दादा घर के पास गोबर फेंकने जा रहे थे। दरवाजे पर उनकी कार खड़ी थी। कुछ शंका होने पर उन्होंने कार के अंदर झांका, तो उनके होश उड़ गये। कार के भीतर अनुज का शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही माता-पिता और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
आशंका है कि बच्चा खेलते हुए कार के अंदर चला गया और गेट लॉक हो गया। वह बाहर नहीं निकल सका और दम घुटने से उसकी मौत हो गयी। या किसी ने गला दबाकर मारने के बाद उसे कार में रखकर लॉक कर दिया। पुलिस दोनों प्वाइंट पर गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मीरगंज थाने की सब इंस्पेक्टर अरुणा राणा और एफएसएल की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि बच्चा कार के अंदर कैसे पहुंचा। आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Location : gopalganj
Published : 22 May 2026, 5:45 AM IST