गोवा के अरपोरा में शनिवार को नाइटक्लब में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। इस वीभत्स अग्निकांड की घटना के बाद बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घटना के तुरंत बाद दोनों मुख्य आरोपी गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा देश से फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अब इंटरपोल की सहायता ली जा रही है।

New Delhi: गोवा के अरपोरा रेस्टोरेंट अग्निकांड ने देश को हिला कर रख दिया। इस अग्निकांड में 25 निर्दोंष लोगों की जान चली गई लेकिन रेस्टोंरेंट के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा आसानी से कुछ ही घंटों में देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए। जबकि देशभर में इंडिगो की फ्लाइट्स को लेकर हाहाकार मचा हुआ है।
इंडिगो की फ्लाइट से भागे दोनों आरोपी
गोवा पुलिस ने कहा कि दिल्ली स्थित आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा के ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन दोनों मौके से फरार मिले। उनके घर पर कानूनी नोटिस चस्पा किया गया। 7 दिसंबर की शाम को ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन ने दोनों के खिलाफ LOC (लुक आउट सर्कुलर) जारी कर दिया था। जांच में पता चला कि आग लगने की घटना के तुरंत बाद दोनों ने 7 दिसंबर सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से फुकेट के लिए उड़ान भरी।
नाइटक्लब में जब जांच हुई तो ये पता चला कि ये नाइटक्लब नियमों की धज्जियां उड़ाकर चल रहा था। इसके पास ना तो फायर सेफ्टी क्लियरेंस था, ना फायर अलार्म सिस्टम था, ना नाइट क्लब के अंदर स्प्रिंकलर लगे थे और ना ही धुएं के निकासी के लिए व्यवस्था थी।
इस नाइटक्लब के एंट्री और एग्जिट गेट बेहद संकरे थे, जिससे घटना के बाद निकलने के दौरान लोगों में कन्फ्यूजन हुआ। क्लब तक पहुंचने का रास्ता भी सिर्फ एक था जो इतना तंग था कि फायर टेंडर को 400 मीटर दूर खड़ा करना पड़ा। इससे बचाव कार्य में घंटों की देरी हुई।
गोवा अग्निकांड
इस वजह से आग लगने के कारण इसमें 25 लोग मारे गए। चौंकाने वाली बड़ी बात ये है कि इस अग्निकांड के बाद इस नाइट क्लब के मालिक और मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा देश छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की जांच में ये भी खुलासा हुआ है कि ये नाइटक्लब अवैध था और पिछले साल इसे ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था, लेकिन अपील के बाद ये आदेश स्थगित कर दिया गया, जिससे ये नाइटक्लब नियमों को तोड़ते हुए धड़ल्ले से चलता रहा। पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी के बाद आरोपियों गौरव और सौरभ लूथरा पर लुक आउट सर्कुलर जारी किया। इमिग्रेशन रिकॉर्ड में पाया गया कि दोनों आरोपी घटना के तुरंत बाद फुकेट भाग गए।
इंटरपोल से मदद ले रही गोवा पुलिस
दोनों के विदेश भागने की जानकारी मिलने पर गोवा पुलिस ने तुरंत मुंबई इमिग्रेशन ब्यूरो से संपर्क किया। इसके बाद सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन के साथ समन्वय बनाकर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम लगातार काम कर रही है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद भी ली जा रही है।
सात दिन में सेफ्टी ऑडिट का आदेश
भीषण आग हादसे में 25 लोगों की मौत के बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएसए) ने गोवा के सभी नाइटक्लब, रेस्तरां, बार, इवेंट वेन्यू और ऐसे ही प्रतिष्ठानों को सात दिनों के भीतर आंतरिक सुरक्षा ऑडिट करने का आदेश दिया है।
अब सभी प्रतिष्ठानों को सात दिनों के भीतर आंतरिक सुरक्षा ऑडिट करना होगा और रिपोर्ट जिला प्रशासन व फायर सर्विसेज को उपलब्ध रखने का आदेश दिया गया है। उल्लंघन की स्थिति में प्रतिष्ठान बंद करने, लाइसेंस निलंबित करने या रद्द करने के साथ ही आपदा प्रबंधन अधिनियम व अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गोवा पुलिस ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन की मदद ली जा रही है। पुलिस ने एक अन्य आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार किया है और उसे गोवा लाया जा रहा है, उसका ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया गया है।