
इंफ्लुएंसर हर्षा रिछारिया बनीं साध्वी
Ujjain: जहां एक ओर लोग सोशल मीडिया पर पहचान बनाने के लिए संघर्ष करते हैं, वहीं एक इन्फ्लुएंसर ने उस दुनिया को छोड़कर आध्यात्म का रास्ता चुन लिया। हर्षा रिछारिया का यह फैसला हर किसी को चौंका रहा है। अक्षय तृतीया के शुभ दिन उन्होंने संन्यास ग्रहण कर एक नई जिंदगी की शुरुआत कर दी।
अक्षय तृतीया के अवसर पर उज्जैन के मौनी तीर्थ आश्रम में यह पूरा आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान पंचायती निरंजनी अखाड़े के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज के सानिध्य में हर्षा ने संन्यास लिया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए सभी अनुष्ठान विधि-विधान के साथ पूरे किए गए।
संन्यास ग्रहण करने से पहले हर्षा रिछारिया को शिखा और दंड त्याग की विधि कराई गई। इसके साथ ही तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। इन सभी प्रक्रियाओं के बाद उन्हें विधिवत संन्यास की दीक्षा दी गई, जो सनातन परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
“आउटफिट के लिए कलावा काटा”… इंफ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा पर भड़के यूजर्स
संन्यास के बाद हर्षा रिछारिया को नया नाम ‘स्वामी हर्षानंद गिरि’ दिया गया। यह नाम उनके नए आध्यात्मिक जीवन की पहचान बनेगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का नया अध्याय है और उन्होंने अपने गुरु के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया है।
स्वामी हर्षानंद गिरि ने संकल्प लिया कि वे अपना पूरा जीवन धर्म, संस्कृति और समाज की सेवा में समर्पित करेंगी। उन्होंने कहा कि अब उनका जीवन आध्यात्मिक मार्ग पर चलते हुए समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहेगा।
हर्षा रिछारिया का परिवार मूल रूप से झाँसी का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में उनका परिवार भोपाल में रहता है। उनके पिता दिनेश बस कंडक्टर हैं और मां किरण रिछारिया बुटीक चलाती हैं। उनके भाई कपिल प्राइवेट नौकरी करते हैं।
Haldwani News: सोशल मीडिया पर बवाल, विवादित बयान के बाद ज्योति अधिकारी को कोर्ट ने भेजा जेल
संन्यास लेने से पहले हर्षा रिछारिया एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और स्टेज एंकर के रूप में सक्रिय थीं। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके अच्छे फॉलोअर्स हैं। वे सनातन संस्कृति से जुड़े कंटेंट बनाती थीं और लोगों को धार्मिक व सांस्कृतिक विषयों से जोड़ने का काम करती थीं। उन्होंने अहमदाबाद से योग का विशेष कोर्स भी किया है।
Location : Ujjain
Published : 19 April 2026, 7:34 PM IST