फ्लाईदुबई फ्लाइट में अचानक हुआ हमला, धुंधली आंखों के बावजूद पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोल 174 यात्रियों की ऐसे बचाई जान

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर अचानक हुए हमले से 174 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। गंभीर रूप से घायल कैप्टन स्मित मच्छर ने आखिरी ताकत लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोला। विमान तेजी से नीचे आ रहा था, लेकिन उनकी हिम्मत से बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 October 2026, 8:27 AM IST

New Delhi: फ्लाईदुबई की तेल अवीव जा रही फ्लाइट में अचानक हुए हमले ने यात्रियों की जान खतरे में डाल दी थी। कॉकपिट में मौजूद फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छर पर कथित तौर पर उनके को-पायलट ने पीछे से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर ने हिम्मत नहीं छोड़ी और आखिरकार कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान को बचाने का रास्ता बनाया।

सामान्य उड़ान के बीच अचानक हुआ हमला

कैप्टन स्मित मच्छर ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को घटना का पूरा ब्योरा बताया। उनके मुताबिक, उड़ान शुरू होने के बाद सब कुछ सामान्य था। इसी दौरान को-पायलट कुछ देर के लिए प्रार्थना करने लगे। मच्छर ने बताया कि वह सम्मान में आगे की ओर देख रहे थे। कुछ मिनट बाद अचानक उनके सिर के पीछे जोरदार वार हुआ।

पहले उन्हें लगा कि शायद विमान को किसी बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है। लेकिन लगातार होते हमलों के बाद उन्हें समझ आया कि हमला विमान पर नहीं, बल्कि उन पर किया जा रहा है।

लगातार वार से धुंधली हो गई थी नजर

मच्छर के अनुसार शुरुआती हमलों के बाद उनकी आंखों के सामने धुंध छाने लगी। उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह दोबारा बंद कर दिया गया।

मच्छर ने बताया कि कुछ समय तक वह कॉकपिट के फर्श पर पड़े रहे। बाहर से विमान की आवाज और यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं। उस वक्त उन्हें लगा कि अब उनके पास आखिरी मौका है।

आखिरी ताकत लगाकर खोला कॉकपिट का दरवाजा

कैप्टन ने बताया कि उनके अंदर यात्रियों को बचाने के लिए आखिरी लड़ाई बाकी थी। उन्होंने पूरी ताकत लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद बाहर मौजूद लोगों ने स्थिति संभाली और विमान को सुरक्षित उतारने की प्रक्रिया शुरू हुई।

गोरखपुर में बांस की खेती से बढ़ेगी कमाई, विशेषज्ञों ने बताए कमाई के कई रास्ते

17 हजार फीट से तेजी से नीचे आया विमान

बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा था। विमान 17,000 फीट से अधिक की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया। विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया।

घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छर का खून से लथपथ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। यूएई की जांच एजेंसियों ने मामले को आतंकी कृत्य बताया है। को-पायलट हमाम अल-हम्मामी पर क्रैश एक्स से हमला करने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश का आरोप है। रिपोर्ट्स में उनके खिलाफ पहले भी कार्रवाई होने की बात कही गई है।

9,500 से ज्यादा उड़ान घंटे का अनुभव

मुंबई के घाटकोपर से ताल्लुक रखने वाले कैप्टन स्मित मच्छर के पास 13 साल से अधिक का विमान उड़ाने का अनुभव और 9,500 से ज्यादा उड़ान घंटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर उनकी बहादुरी की सराहना की। घायल मच्छर फिलहाल अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी सूझबूझ और हिम्मत को 174 यात्रियों की जान बचाने में अहम माना जा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  4 October 2026, 8:27 AM IST