
पीएम मोदी का फाइल फोटो
New Delhi: देश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश ने बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली में यमुना नदी का पानी शहर के कई हिस्सों में घुस गया है, जबकि पंजाब में बाढ़ ने लगभग हर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करने का ऐलान किया है और वहां के हालात का जायजा लेंगे।
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और यह खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही है। यमुना का पानी मयूर विहार और अक्षरधाम जैसे इलाकों में पहुंच चुका है, जो पहले कभी नदी के इस हद तक पास नहीं थे। आज वह यमुना के नज़दीक के इलाकों में स्थिति और भी गंभीर है। यहां नावों के जरिए राहत कार्य किए जा रहे हैं, क्योंकि लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं। यमुना के पानी ने दिल्ली सचिवालय तक को घेर लिया है और निगमबोध घाट पूरी तरह से जलमग्न हो चुका है। जहांगीरपुरी जैसे इलाकों में सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है और बाढ़ से नालों का गंदा पानी सड़कों पर फैल चुका है।
मयूर विहार फेस-1 मेट्रो स्टेशन के सामने का नजारा
दिल्ली सरकार ने राहत कैंपों का निर्माण किया है, जहां यमुना के किनारे रहने वाले लोगों को शिफ्ट किया गया है, लेकिन अब समस्या यह है कि इन कैंपों में भी पानी आ गया है। इस स्थिति में सरकार की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राहत कैंपों में जाकर वहां रह रहे लोगों से मुलाकात की और कहा कि भाजपा सरकार के प्रयास नाकाफी हैं।
नोएडा में बाढ़ का खतरा, करीब 4 हजार लोग प्रभावित, सैकड़ों घरों में पहुंचा पानी
पंजाब में बाढ़ का प्रभाव और भी भयावह है। राज्य के सभी 23 जिलों में बाढ़ के कारण हालात बेहद खराब हैं। करीब 1900 गांवों में पानी घुस चुका है और 3.84 लाख लोग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। सेना और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई है। अब तक 20,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ ने पंजाब की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है और डेढ़ लाख हेक्टेयर कृषि भूमि बर्बाद हो चुकी है। सबसे बुरी स्थिति फाजिल्का जिले की है, जहां एनडीआरएफ के जवान दिन-रात बाढ़ में फंसे हुए लोगों को बचाने में लगे हैं। बाढ़ के कारण पुल, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचा भी तबाह हो चुका है।
Location : New Delhi
Published : 6 September 2025, 7:28 AM IST
Topics : Delhi Flood Narendra Modi PM Modi Yamuna River