
दिल्ली में फायरिंग
New Delhi: राजधानी दिल्ली में मंगलवार शाम को फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आयी है। दक्षिण पूर्व दिल्ली के अमर कॉलोनी में हथियार बंद तीन हमलावरों ने महिला मित्र के साथ फूड पॉइंट में बैठे एक युवक पर फायर कर दी। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने वाले युवक की पहचान साहिल के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 7:54 बजे की बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साहिल अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फूड पॉइंट 'Jaat Saab Chap Wala' में खाना खाने के लिए बैठा था। उसी दौरान पास में बैठे तीन युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली नोकझोंक देखते ही देखते हिंसक हो गई और आरोप है कि इसी विवाद के बाद साहिल पर गोली चला दी गई।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल साहिल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
ताजा जानकारी के अनुसार युवक को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक युवक की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।
Location : New Delhi
Published : 26 May 2026, 10:20 PM IST