
वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अलर्ट (IMG: Dynamite News)
Deoghar: देवघर में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रशासनिक कवायद अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है। ऐसे में जिन लोगों का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके लिए 18 नवंबर बेहद अहम होने वाला है। इस दिन जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 'एक और अवसर कैंप' का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के जरिए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा।
इस विशेष अभियान में सिर्फ नए मतदाताओं का नाम जोड़ने पर ही जोर नहीं रहेगा, बल्कि मतदाता सूची से अपात्र लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया में भी पारदर्शिता बरती जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सुनवाई और सत्यापन के बाद जिन मतदाताओं को अपात्र पाया गया है, उनकी नामवार सूची प्रपत्र-3 में प्रकाशित की जाएगी। खास बात यह है कि इस सूची को छिपाकर नहीं रखा जाएगा। संबंधित बीएलओ मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों और आम नागरिकों के सामने अपात्र मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाएंगे।
18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर ASDD सूची का भी पुनर्प्रकाशन किया जाएगा। इसलिए जिन लोगों का नाम इस सूची में है, उन्हें विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। यह सूची केवल मतदान केंद्रों पर ही नहीं, बल्कि पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत पदाधिकारी के कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेगी। इस सूची के जरिए ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र के सामान्य निवासी और पात्र मतदाता हैं, लेकिन किसी कारण से अब तक प्रपत्र-6 जमा नहीं कर पाए हैं।
वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अलर्ट (IMG: Dynamite News)
देवघर में छठ घाटों पर रहेगी NDRF की पैनी नजर, 135 जवान और आधुनिक उपकरण संभालेंगे मोर्चा
प्रशासन ने यह भी तय किया है कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए। इसके लिए 'होम-टू-रोल' अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ और संबंधित कर्मी मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करेंगे। इस दौरान ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो मतदान करने की पात्रता रखते हैं, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उनसे प्रपत्र-6, घोषणा पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
Location : Deoghar
Published : 17 November 2026, 12:03 PM IST
Topics : Deoghar News Election Commission Jharkhand Election Update Jharkhand News Voter list update